Tenneco Clean Air Share Price: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ईरान के साथ लड़ाई दो से तीन हफ्ते में खत्म करने के संकेतों पर घरेलू स्टॉक मार्केट में चौतरफा रौनक छाई है। खरीदारी के इस माहौल में ब्रोकरेज फर्म सिटी के बुलिश रुझान ने उत्प्रेरक का काम किया है और ऑटो कंपोनेंट्स सप्लायर टेनेको एयर इंडिया के शेयर रॉकेट बन गए। ब्रोकरेज फर्म ने खरीदारी की रेटिंग के साथ इसकी कवरेज शुरू की है। इस बुलिश रुझान पर टेनेको क्लीन एयर के शेयर उछल पड़े। इस तेजी का कुछ निवेशकों ने फटाफट फायदा भी उठाया जिससे भाव थोड़े नरम पड़े लेकिन निचले स्तर पर खरीदारी के चलते अब भी यह काफी मजबूत स्थिति में है।
फिलहाल बीएसई पर यह 5.85% की बढ़त के साथ ₹544.60 पर है। इंट्रा-डे में यह 5.87% चढ़कर ₹544.70 तक पहुंच गया था। ब्रोकरेज फर्म सिटी ने इसके शेयरों का टारगेट प्राइस ₹650 फिक्स किया है। ओवरऑल बात करें तो इसे कवर करने वाले 5 एनालिस्ट्स में से चार ने खरीदारी की रेटिंग दी है तो एक ने सेल रेटिंग।
Tenneco Clean Air पर क्यों है ब्रोकरेज बुलिश?
टेनेको ग्रुप की कंपनी टेनेको क्लीन एयर इंडिया दो अहम सेगमेंट्स- क्लीन एयर और पावर ट्रेन सॉल्यूशंस (CAPT), और एडवांस्ड राइड टेक्नोलॉजीज (ART) में काम करती है। ब्रोकरेज फर्म सिटी के मुताबिक टेनेको क्लीन एयर को पैसेंजर और कमर्शियल वेईकल सेगमेंट में प्रीमियम प्रोडक्ट्स की बढ़ती मांग, एमिशन यानी उत्सर्जन के सख्त मानकों, नए ऑर्डर मिलने और टेनेको के वैश्विक प्लांट्स के ऑर्डर्स के भारत में शिफ्ट होने से सपोर्ट मिल रहा है। हालांकि ब्रोकरेज फर्म ने कुछ रिस्क को लेकर सतर्क भी किया है जैसे कि ICE (इंटर्नल कंबस्चन इंजन) पावरट्रेन में हाई एक्सपोजर और कच्चे माल के भाव में तेज उतार-चढ़ाव के साथ-साथ CAFÉ, BS-7, और TREM-V जैसे उत्सर्जन से जुड़े रेगुलेशंस के लागू में संभावित देरी।
अब तक कैसी रही शेयरों की चाल?
टेनेको क्लीन एयर इंडिया के शेयरों ने कम समय में ही निवेशकों की तगड़ी कमाई कराई है। पिछले साल 18 दिसंबर 2025 को बीएसई पर यह ₹437.85 के भाव पर था जोकि इसके शेयरों के लिए लिस्टिंग के बाद का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इस निचले स्तर से दो ही महीने में यह 37.59% उछलकर 26 फरवरी 2026 को ₹602.45 के भाव पर पहुंच गया जोकि इसके शेयरों के लिए रिकॉर्ड हाई लेवल है। इसके शेयरों की 19 नवंबर 2025 को एंट्री हुई थी। इसके ₹3600 करोड़ के आईपीओ के तहत निवेशकों को ₹397 के भाव पर शेयर जारी हुए थे। इसके आईपीओ को निवेशकों का जबरदस्त रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 61.79 गुना सब्सक्राइब हुआ था।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।