Sun TV Network Shares: सन टीवी नेटवर्क के शेयरों में आज 20 जून को तगड़ी गिरावट देखने को मिली। कंपनी का शेयर शुरुआती कारोबार में 4 प्रतिशत से अधिक लुढ़ककर 580 रुपये के निचले स्तर तक आ गया। यह गिरावट इस खबर के बाद आई कि कंपनी के शेयरहोल्डिंग स्ट्रक्चर को लेकर मारन बंधुओं, दयानिधि मारन और कलानिथि मारन के बीच विवाद पैदा हो गया है।
मनीकंट्रोल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पूर्व केंद्रीय मंत्री और डीएमके सांसद दयानिधि मारन ने अपने भाई और सन टीवी नेटवर्क के चेयरमैन कलानिथि मारन को लीगल नोटिस भेजा है। इस नोटिस में अरपबति कलानिथि पर धोखाधड़ी, चीटिंग और मनी लॉन्ड्रिंग जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
दयानिधि के मुताबिक, साल 2003 में उनके पिता के निधन के बाद सन टीवी के शेयर को उनकी मां मल्लिका मारन को बिना डेथ सर्टिफिकेट और लीगल हेयर सर्टिफिकेट के ट्रांसफर कर दिए गए। ये सर्टिफिकेट बाद में जारी किए गए। आरोप है कि इस ट्रांसफर के जरिए कलानिथि को कंपनी के शेयर ट्रांसफर करने में आसानी हुई।
नोटिस में कहा गया है कि कलानिथि ने 15 सितंबर 2003 को 10 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर खुद को 12 लाख इक्विटी शेयर अलॉट कर लिए, जबकि उस वक्त शेयर की असली कीमत ₹2,500 से ₹3,000 प्रति शेयर थी। नोटिस में आरोप लगाया गया है कि यह "आपराधिक विश्वासघात और धोखाधड़ी" का मामला है।
दयानिधि ने यह भी दावा किया है कि उस समय कंपनी आर्थिक रूप से मजबूत थी और उसे पैसे जुटाने की जरूरत नहीं थी। इसलिए इन शेयरों को जारी करने का कोई कारण नहीं था। इसके बावजूज शेयर जारी किए गए। नोटिस में कहा गया है कि इससे पहले कलानिधि के पास कंपनी के शेयर नहीं था। लेकिन इस कदम के बाद वह कंपनी के मेजॉरिटी शेयरधारक बन गए और परिवार के बाकी सदस्यों की हिस्सेदारी 50% से घटकर 20% रह गई।
नोटिस में यह भी आरोप लगाया गया है कि सन टीवी ने साल 2006 में दाखिल अपने रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (RHP) में गलत जानकारी दी और शेयरधारकों को गुमराह किया। RHP में कहा गया कि 31 दिसंबर 2005 तक मल्लिका मारन को डिविडेंड के रूप में 10.64 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया, जबकि असल में ऐसा कोई भुगतान नहीं हुआ था। नोटिस में कहा गया है, "आपने रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस में गलत जानकारी दी है, जिससे आम जनता को धोखा मिला है।"
कलानिथि मारन के पास 75% हिस्सेदारी
फिलहाल कलानिथि मारन की सन टीवी नेटवर्क में 75% हिस्सेदारी है। उनकी कुल संपत्ति 2.9 अरब डॉलर (करीब ₹24,000 करोड़) आंकी गई है।
पिछले एक साल में सन टीवी के शेयरों ने कमजोर प्रदर्शन किया है। बीते 12 महीनों में स्टॉक में 21% से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई है। कंपनी का मार्केट कैप करीब 24,000 करोड़ रुपये है। इसका 52 हफ्तों का उच्चतम स्तर 921 रुपये और न्यूनतम स्तर 549.3 रुपये रहा है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।