Sun TV Network Share Price: TV ब्रॉडकास्टिंग और सॉफ्टवेयर प्रोडक्शन कंपनी सन टीवी नेटवर्क लिमिटेड का शेयर 12 अगस्त को 10 प्रतिशत लुढ़का। इसकी अहम वजह है कंपनी के अप्रैल-जून 2024 तिमाही नतीजे। तिमाही के दौरान कंपनी का कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 5.48 प्रतिशत गिरकर 559.58 करोड़ रुपये रह गया है। बीते वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा 592.08 करोड़ रुपये था। जून तिमाही के दौरान ऑपरेटिंग इनकम सालाना आधार पर 2.72 प्रतिशत घटकर 1,312.40 करोड़ रुपये रही, जो बीते वित्त वर्ष की समान तिमाही में 1,349.22 करोड़ रुपये थी।
कमजोर तिमाही नतीजों और हाई वैल्यूएशंस को देखते हुए ब्रोकरेजेस ने शेयर की रेटिंग घटा दी है और भविष्य की अर्निंग्स क्षमता पर चिंता जताई है। इसके चलते सन टीवी नेटवर्क का शेयर 12 अगस्त को बीएसई पर मामूली गिरावट के साथ 913.85 रुपये पर खुला। दिन में यह पिछले बंद भाव से 11 प्रतिशत तक लुढ़का और 814.85 रुपये के लो तक गया। कारोबार बंद होने पर शेयर 10.50 प्रतिशत की गिरावट के साथ 818.45 रुपये पर सेटल हुआ। शेयर के लिए लोअर प्राइस बैंड 777.30 रुपये है। कंपनी का मार्केट कैप 32,200 करोड़ रुपये है। पिछले एक साल में शेयर की कीमत 48 प्रतिशत चढ़ी है। पिछले 3 महीनों में शेयर 22 प्रतिशत मजबूत हुआ है।
Sun TV Network का खर्च 10% बढ़ा
सन टीवी नेटवर्क 6 भाषाओं- तमिल, तेलुगू, कन्नड़, मलयालम, बांग्ला और मराठी में सैटेलाइट टीवी चैनल संचालित करती है। कुल खर्च जून 2024 तिमाही में 10 प्रतिशत बढ़कर 709.12 करोड़ रुपये रहा। कुल आमदनी मामूली तौर पर घटकर 1,459.20 करोड़ रुपये रही। कंपनी के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2025 के लिए 5 रुपये प्रति शेयर का इंटरिम डिविडेंड घोषित किया है।
ब्रोकरेज ने कितनी घटाई रेटिंग
Kotak Institutional Equities ने सन टीवी के शेयर के लिए रेटिंग को 'एड' से घटाकर 'सेल' कर दिया है। टारगेट प्राइस 830 रुपये प्रति शेयर दिया है। मोतीलाल ओसवाल के विश्लेषकों ने भी सन टीवी को डाउनग्रेड किया है, रेटिंग 'बाय' से 'न्यूट्रल' कर दी है। टारगेट प्राइस प्रति शेयर 860 रुपये रखा है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।