रिन्यूएबल एनर्जी के कारोबार से जुड़ी कंपनी सुजलॉन (Suzlon Energy) को अप्रावा एनर्जी (Apraava Energy) से 300 मेगावाट के विंड एनर्जी प्रोजेक्ट के लिए एक कॉन्ट्रैक्ट मिला है। समझौते के तहत सुजलॉन विंड टर्बाइंस की सप्लाई करेगी और प्रोजेक्ट की कमीशनिंग के साथ इसे सुपरवाइज करेगी। सुजलॉन एनर्जी की ओर से जारी बयान के अनुसार, कंपनी कर्नाटक में अप्रावा एनर्जी की साइट पर हाइब्रिड लैटिस ट्यूबलर (HLT) टावर और 100 विंड टरबाइन जेनरेटर (WTGs) लगाएगी। इस डेवलपमेंट के बाद सुजलॉन के शेयर में 28 दिसंबर को 4 प्रतिशत तक की तेजी दर्ज की गई है।
सुबह शेयर बीएसई पर 37.29 रुपये पर खुला और फिर करीब 4 प्रतिशत तक की बढ़त के साथ 38.50 रुपये के हाई तक गया। कारोबार खत्म होने पर शेयर 3 प्रतिशत की बढ़त के साथ 38 रुपये के लेवल पर सेटल हुआ। सुजलॉन के शेयर ने पिछले 1 साल में करीब 270 प्रतिशत की बढ़त देखी है।
2.47 लाख घरों को रोशन कर सकता है ऐसा एक प्रोजेक्ट
सुजलॉन समूह के सीईओ जेपी चलसानी ने कहा कि वैसे तो यह प्रोजेक्ट खुद SECI (राउंड XIV) नीलामी का हिस्सा है, लेकिन इस प्रोजेक्ट से पैदा होने वाली बिजली का इस्तेमाल देश में रिन्यूएबल एनर्जी की पहुंच बढ़ाने के लिए उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPPCL) को सपोर्ट देने के लिए किया जाएगा। इस आकार का एक प्रोजेक्ट 2.47 लाख घरों को बिजली प्रदान कर सकता है और हर साल 9.75 लाख टन CO2 उत्सर्जन पर अंकुश लगा सकता है।
सुजलॉन समूह के वाइस चेयरमैन गिरीश तांती ने एक बयान में कहा कि कंपनी पहले भी अप्रावा के साथ काम कर चुकी है और एक बार फिर उसके साथ जुड़कर खुश है। अप्रावा एनर्जी के मैनेजिंग डायरेक्टर राजीव रंजन मिश्रा ने कहा कि हम सुजलॉन के साथ निरंतर साझेदारी की उम्मीद करते हैं। उनकी विशेषज्ञता, समृद्ध अनुभव और सर्वोत्तम श्रेणी के स्वदेशी समाधानों से फायदा मिलेगा।