Suzlon Energy Share Price: 23 जुलाई को बजट 2024 के दिन एनर्जी सेक्टर की कंपनी सुजलॉन एनर्जी के शेयर में 5 प्रतिशत तक की तेजी आई और अपर प्राइस बैंड हिट हुआ। कंपनी ने एक दिन पहले अप्रैल-जून 2024 तिमाही के वित्तीय नतीजे जारी किए थे। तिमाही के दौरान सुजलॉन एनर्जी का शुद्ध मुनाफा लगभग तीन गुना होकर 302 करोड़ रुपये हो गया है। मुनाफे में यह वृद्धि ज्यादा आमदनी के कारण हुई है। बीते वित्त वर्ष की समान तिमाही में शुद्ध मुनाफा 101 करोड़ रुपये रहा था।
शानदार तिमाही नतीजों के चलते स्टॉक में जबर्दस्त खरीद है। Suzlon Energy का शेयर बीएसई पर सुबह बढ़त के साथ 57.37 रुपये पर खुला। कुछ ही देर में यह पिछले बंद भाव से 5 प्रतिशत तक उछला और 57.82 रुपये पर अपर सर्किट गया। कंपनी का मार्केट कैप 78700 करोड़ रुपये है।
कंपनी की आमदनी जून 2024 तिमाही में बढ़कर 2,016 करोड़ रुपये हो गई, जो बीते वित्त वर्ष की समान तिमाही में 1,348 करोड़ रुपये थी। सुजलॉन के पास 30 जून तक 1,197 करोड़ रुपये की शुद्ध नकदी मौजूद थी। कंपनी में प्रमोटर्स के पास 13.27 प्रतिशत और पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास 86.73 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
एक साल में शेयर 190% मजबूत
पिछले एक साल में सुजलॉन एनर्जी का शेयर करीब 190 प्रतिशत उछला है। 3 महीने के अंदर इसमें करीब 40 प्रतिशत की तेजी आई है। बीएसई के डेटा के मुताबिक, वित्त वर्ष 2024 में कंपनी का रेवेन्यू 3,860.25 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 93.43 करोड़ रुपये रहा।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।