Talbros Auto Shares: स्टॉक स्प्लिट की खबर से नई ऊंचाई पर पहुंचा यह शेयर, सिर्फ 4 महीने में किया पैसे डबल

Talbros Automotive Shares: टैल्ब्रोस ऑटोमोटिव कंपोनेंट्स (TACL) के शेयरों में शुक्रवार 21 जुलाई को जोरदार तेजी देखने को मिली। दिन के कारोबार के दौरान कंपनी के शेयर बीएसई पर 9 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 863 रुपये की नई ऊंचाई पर पहुंच गए। कंपनी के शेयरों में यह तेजी ऐसे दिन आई है, जब बाजार में कमजोरी का माहौल है

अपडेटेड Jul 21, 2023 पर 3:10 PM
Talbros Automotive का 52-हफ्तों का पिछला हाई 849 रुपये था, जो इसने 10 जुलाई को छुआ था

Talbros Automotive Shares: टैल्ब्रोस ऑटोमोटिव कंपोनेंट्स (TACL) के शेयरों में शुक्रवार 21 जुलाई को जोरदार तेजी देखने को मिली। दिन के कारोबार के दौरान कंपनी के शेयर बीएसई पर 9 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 863 रुपये की नई ऊंचाई पर पहुंच गए। कंपनी के शेयरों में यह तेजी ऐसे दिन आई है, जब बाजार में कमजोरी का माहौल है। दरअसल Talbros Automotive अपने शेयरों के विभाजन यानी स्टॉक स्प्लिट (Stock Split) पर विचार कर रही है। इसी खबर के बाद कंपनी के शेयरों में यह तेजी आई है। इस तेजी के साथ ही कंपनी के शेयर अपने नए 52-वीक हाई पर पहुंच गए। टैल्ब्रोस ऑटोमोटिव का 52-हफ्तों का पिछला हाई 849 रुपये था, जो इसने 10 जुलाई को छुआ था।

कंपनी ने शुक्रवार को शेयर बाजारों को भेजी सूचना में बताया कि उसके बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की आगामी 8 अगस्त को एक बैठक होनी है। इस बैठक में जून तिमाही के अनऑडिटेड वित्तीय नतीजों को मंजूरी दी जाएगी। इसके अलावा शेयरों के विभाजन के प्रस्ताव पर भी विचार किया जाएगा और उसे मंजूरी दी जाएगी।

स्टॉक स्प्लिट क्या होता है?

स्टॉक स्प्लिट (Stock Split) का मतलब होता है शेयरों का विभाजन। आमतौर पर जब शेयरों की कीमत अधिक हो जाती है, तो कंपनी छोटे निवेशकों को आकर्षित करने के लिए अपने शेयरों को कई भाग में विभाजित कर देती है। इससे शेयरों की कीमत सस्ती हो जाती है और कंपनी के कुल शेयरों की संख्या बढ़ा दी जाती है।


यह भी पढे़ं- Nifty 20000 के करीब, 3-4 हफ्तों में छप्पर फाड़ कमाई के लिए इन 10 शेयरों पर लगाएं दांव

सिर्फ 4 महीने में पैसे डबल

टैल्ब्रोस ऑटोमोटिव के शेयरों ने सिर्फ पिछले 4 महीने में अपने निवेशकों को 100% से अधिक का मल्टबैगर रिटर्न दिया है। 28 मार्च 2023 को कंपनी के शेयर एनएसई पर 387.85 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे, जो अब बढ़कर 863 रुपये पर पहुंच गया है। इस तरह पिछले 4 महीने में इस शेयर ने अपने निवेशकों को करीब 110% का रिटर्न दिया है।

डॉली खन्ना और विजय केडिया ने खरीदी है हिस्सेदारी

टैल्ब्रोस ऑटोमोटिव के शेयरों में डॉली खन्ना (Dolly Khanna) और विजय केडिया (Vijay Kedia) जैसे दिग्गज निवेशकों ने भी हिस्सेदारी खरीद रखी है। जून तिमाही तक के आंकड़ों के मुताबिक, डॉली खन्ना के पास इस कंपनी के 185,715 शेयर थे, जो इसकी कुल हिस्सेदारी का करीब 1.50 फीसदी है। वहीं विजय केडिया के पास इस कंपनी के 150,000 शेयर हैं, जो कंपनी की करीब 1.22 फीसदी हिस्सेदारी है। इसके अलावा संजीव पारेख (Sanjeev Parekh) के पास कंपनी की 1.16 फीसदी हिस्सेदारी है।

कंपनी के बारे में

टैल्ब्रोस ऑटोमोटिव कंपोनेंट्स, टैल्ब्रो ग्रुप की प्रमख कंपनी है। इसकी स्थापना 1956 में हुई थी। कंपनी ऑटोमोटिव और इंडस्ट्रियल गैस्केट बनाने का काम करती है। इसके अलावा यह चेसिस, रबर प्रोडक्ट्स और फोर्जिंग्स बनाने के कारोबार में भी है। कंपनी के पास पैसेंजर कार के लिए मर्सीडिज बेंज के साथ डीलरशिप है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।