तमिलनाड मर्केंटाइल बैंक अपने शेयरहोल्डर्स को वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 12.50 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड देने वाला है। इसके लिए रिकॉर्ड डेट 12 जून है। इस तारीख तक जिन लोगों के नाम शेयरों के लाभार्थी मालिकों के तौर पर रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी या डिपॉजिटरीज के रिकॉर्ड्स में होंगे, वे डिविडेंड के हकदार होंगे। कंपनी ने डिविडेंड की घोषणा अप्रैल महीने में की थी।
इस पर 14 जुलाई को बैंक की सालाना आम बैठक में शेयरहोल्डर्स की मंजूरी ली जाएगी। मंजूरी मिलने पर पेमेंट 13 अगस्त को या उससे पहले कर दिया जाएगा। बैंक ने वित्त वर्ष 2025 के लिए 11 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड दिया था। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है।
तूतीकोरिन स्थित तमिलनाड मर्केंटाइल बैंक, देश में निजी क्षेत्र के सबसे पुराने बैंकों में से एक है। यह मुख्य रूप से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (MSME), कृषि और रिटेल ग्राहकों को बैंकिंग और वित्तीय सेवाएं मुहैया कराता है। बैंक की शुरुआत 1921 में हुई थी। उस वक्त इसका नाम नादर बैंक लिमिटेड था। बैंक की पूरे भारत में कुल 622 ब्रांच हैं। इनमें से 531 ब्रांच ग्रामीण, अर्धशहरी और शहरी (नॉन-मेट्रो) क्षेत्रों में हैं।
सितंबर 2022 में लिस्ट हुआ था Tamilnad Mercantile Bank
तमिलनाड मर्केंटाइल बैंक की शेयर बाजार में लिस्टिंग सितंबर 2022 में हुई थी। इसका IPO 807.84 करोड़ रुपये का था। वर्तमान में बैंक का मार्केट कैप 12100 करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर BSE 1000 इंडेक्स का हिस्सा है। शेयर में 11 जून को गिरावट है। शेयर BSE पर लगभग 1 प्रतिशत टूटकर 767.20 रुपये पर बंद हुआ। कीमत 6 महीनों में 50 प्रतिशत और 3 साल में 86 प्रतिशत मजबूत हुई है। 2 सप्ताह में भाव 13 प्रतिशत चढ़ा है। बैंक में पूरी 100 प्रतिशत हिस्सेदारी पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास है।
बैंक का जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में स्टैंडअलोन बेसिस पर रेवेन्यू 1,550.38 करोड़ रुपये रहा। इस बीच शुद्ध मुनाफा 373.65 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। वित्त वर्ष 2026 के दौरान स्टैंडअलोन बेसिस पर रेवेन्यू 5,819.42 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 1,337.55 करोड़ रुपये रहा।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।