टाटा ग्रुप की कंपनी टाटा एलेक्सी लिमिटेड आज, 13 अक्टूबर को जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही और अप्रैल-सितंबर 2026 छमाही के वित्तीय नतीजे जारी करने वाली है। कंपनी के बोर्ड की मीटिंग में इन पर चर्चा की जाएगी। मीटिंग खत्म होने के बाद नतीजे सामने आएंगे। रिजल्ट जारी होने से पहले कंपनी के शेयर में तेजी है। दिन में BSE पर शेयर पिछले बंद भाव से 5 प्रतिशत तक चढ़कर 3419 रुपये के हाई तक गया। कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 21100 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है।
टाटा एलेक्सी ऑटोमोटिव, ब्रॉडकास्ट, कम्युनिकेशन, हेल्थकेयर और ट्रांसपोर्टेशन जैसी कई इंडस्ट्रीज को डिजाइन और टेक्नोलॉजी सर्विसेज देती है। कंपनी में जून 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 43.90 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।
जून तिमाही में 18 प्रतिशत बढ़ा था मुनाफा
अप्रैल-जून 2026 तिमाही में टाटा एलेक्सी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 18.17 प्रतिशत बढ़कर 170.59 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले मुनाफा 144.36 करोड़ रुपये था। ऑपरेशंस से रेवेन्यू 14.46 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 1,021.1 करोड़ रुपये दर्ज किया गया, जो जून 2025 तिमाही में 892.09 करोड़ रुपये था। खर्च 830.10 करोड़ रुपये के रहे, जो जून 2025 तिमाही में 734.22 करोड़ रुपये के थे।
Tata Elxsi का शेयर एक साल में 36 प्रतिशत गिरा
शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। यह BSE 500 इंडेक्स का हिस्सा है। शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 5,949.95 रुपये और एडजस्टेड लो 3,000 रुपये है। शेयर 6 महीनों में 20 प्रतिशत से ज्यादा गिरा है। एक साल में कीमत 36 प्रतिशत कमजोर हुई है। 2 साल में शेयर 55 प्रतिशत की गिरावट देख चुका है।
हाल ही में TCS ने जारी किए थे रिजल्ट
IT कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने 8 अक्टूबर को वित्तीय नतीजे जारी किए थे। जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 15 प्रतिशत बढ़कर 13,884 करोड़ रुपये हो गया। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 11.2 प्रतिशत बढ़कर 73,188 करोड़ रुपये रहा। EBIT सालाना आधार पर 6 प्रतिशत बढ़कर 17,553 करोड़ रुपये और EBIT मार्जिन घटकर 23.98 प्रतिशत रहा। कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए प्रति शेयर 12 रुपये के दूसरे अंतरिम डिविडेंड का ऐलान किया है। रिकॉर्ड डेट 14 अक्टूबर है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।