दो साल में 37% गिरा टाटा ग्रुप का ये मल्टीबैगर स्टॉक, क्या ये है खरीदारी का मौका? जानिए ब्रोकरेज की राय

टाटा ग्रुप का एक मल्टीबैगर स्टॉक दो साल में 37 प्रतिशत गिर चुका है। कुछ सेगमेंट में मजबूती है, लेकिन मुनाफे पर एकमुश्त असर और ग्रोथ विजिबिलिटी निवेशकों के लिए अहम सवाल बने हुए हैं। जानिए वैल्यूएशन पर ब्रोकरेज की क्या राय है और उन्होंने कितना टारगेट प्राइस और रेटिंग दी है।

अपडेटेड Jan 15, 2026 पर 7:57 PM
Story continues below Advertisement
पिछले कारोबारी सत्र में टाटा एलेक्सी का शेयर 5 प्रतिशत गिरकर ₹5,501.90 पर बंद हुआ।

पिछले दो साल में Tata Elxsi के शेयरों ने निवेशकों को खासा निराश किया है। इस अवधि में शेयर करीब 37 प्रतिशत टूट चुका है। वहीं, पिछले 6 महीने और 1 साल में भी इसमें लगभग 10 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली है।

हालांकि, लंबी अवधि में तस्वीर पूरी तरह निगेटिव नहीं है। बीते 5 साल में शेयर 121 प्रतिशत और 10 साल में करीब 484 प्रतिशत का रिटर्न दे चुका है। पिछले कारोबारी सत्र में टाटा एलेक्सी का शेयर 5 प्रतिशत गिरकर ₹5,501.90 पर बंद हुआ। इस गिरावट के बाद कंपनी का मार्केट कैप घटकर ₹34,274 करोड़ रह गया।

वैल्यूएशन अब भी ऊंचा


आईटी शेयर में आई गिरावट के बावजूद ब्रोकरेज हाउसेज का मानना है कि टाटा एलेक्सी का वैल्यूएशन अब भी महंगा बना हुआ है।

Elara Capital के मुताबिक, स्टॉक FY27E और FY28E के आधार पर 45x/38x P/E पर ट्रेड कर रहा है, जो फुल वैल्यूएशन दिखाता है। ब्रोकरेज ने स्टॉक पर ‘Sell’ रेटिंग बरकरार रखते हुए ₹4,520 का टारगेट दिया है। Elara ने यह भी कहा कि कंपनी ने दिसंबर तिमाही में रेवेन्यू और मार्जिन के मोर्चे पर उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया है।

मोतीलाल ओसवाल और JPMorgan की राय

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड (MOFSL) ने भी टाटा एलेक्सी पर ‘Sell’ कॉल बनाए रखी है। उसने ₹4,700 का टारगेट दिया है। ब्रोकरेज का कहना है कि 12 महीने के फॉरवर्ड अर्निंग्स के 43x वैल्यूएशन को सही ठहराना मुश्किल है, क्योंकि अलग-अलग वर्टिकल्स में टिकाऊ ग्रोथ की स्पष्ट विजिबिलिटी नहीं दिखती।

वहीं, JPMorgan ने हाई वैल्यूएशन को ध्यान में रखते हुए स्टॉक पर ‘Neutral’ रेटिंग बरकरार रखी है। लेकिन, टारगेट बढ़ाकर ₹5,100 कर दिया है।

ऑटोमोटिव सेगमेंट पर आउटलुक पॉजिटिव

ऑटोमोटिव सेगमेंट को लेकर कंपनी का आउटलुक अभी भी सकारात्मक बना हुआ है। Suzuki जैसी बड़ी डील्स में स्कोप बढ़ने और JLR से जुड़े काम में अगले एक से दो तिमाहियों में स्थिर ग्रोथ की उम्मीद जताई जा रही है।

दिसंबर तिमाही में मुनाफे को एकमुश्त झटका

Tata Elxsi का अक्टूबर-दिसंबर तिमाही (Q3 FY26) में शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 45 प्रतिशत घटकर ₹108.89 करोड़ रह गया। एक साल पहले इसी तिमाही में मुनाफा ₹199.01 करोड़ था।

इस गिरावट की बड़ी वजह ₹95.69 करोड़ का एकमुश्त असर रहा, जो नए लेबर कोड्स के लागू होने से जुड़ा था। ये नियम 21 नवंबर से प्रभावी हुए थे।

कंपनी ने बताया कि कर्मचारियों से जुड़ी लाभ योजनाओं में कानूनी बदलाव के कारण प्लान अमेंडमेंट हुआ। इससे पिछली सेवा लागत (Past Service Cost) को तुरंत प्रॉफिट एंड लॉस स्टेटमेंट में शामिल करना पड़ा।

किस सेगमेंट से आई Tata Elxsi  की ग्रोथ?

दिसंबर तिमाही में Tata Elxsi के रेवेन्यू ग्रोथ की अगुवाई ट्रांसपोर्टेशन वर्टिकल ने की। कुछ डील्स जो Q2 से टल गई थीं, वे Q3 में क्लोज हुईं, जिससे इस सेगमेंट में तेजी देखने को मिली।

Elara का मानना है कि हालिया डील विन्स और टॉप क्लाइंट की ग्रोथ को देखते हुए ट्रांसपोर्टेशन सेगमेंट में डबल-डिजिट ग्रोथ संभव है। हालांकि, हेल्थकेयर वर्टिकल में लगातार कमजोर प्रदर्शन के चलते डबल-डिजिट ग्रोथ हासिल करना फिलहाल चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है।

टाटा एलेक्सी का बिजनेस क्या है?

Tata Elxsi, Tata Sons की सब्सिडियरी है। कंपनी ऑटोमोटिव, ब्रॉडकास्ट, कम्युनिकेशन, हेल्थकेयर और ट्रांसपोर्टेशन जैसे सेक्टर्स में डिजाइन और टेक्नोलॉजी सर्विसेज देती है।

यह IoT, क्लाउड, मोबिलिटी, वर्चुअल रियलिटी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी डिजिटल टेक्नोलॉजी के जरिए क्लाइंट्स को अपने प्रोडक्ट्स और सर्विसेज को नए सिरे से डिजाइन करने में मदद करती है।

Market Views: बाजार में बना उछाल में बिकवाली का ट्रेंड, कल किस शेयर में हो सकती है कमाई

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।