Tata Group Stocks: रतन टाटा के निधन के बाद आज 10 अक्टूबर को टाटा ग्रुप की कंपनियों के शेयरों में भारी तेजी देखी गई। टाटा इनवेस्टमेंट कॉरपोरेशन और टाटा केमिकल्स के शेयर 10 फीसदी तक उछल गए। टाटा संस के मानद चेयरमैन रतन टाटा ने बुधवार 9 अक्टूबर को 86 साल की आयु में आखिरी सांस ली। दिग्गज उद्योगपति के निधन से काफी लोग दुखी है। हालांकि निवेशकों ने टाटा ग्रुप के शेयरों को पॉजिटिव रिस्पॉन्स दिया है। यह टाटा ग्रुप के भविष्य और रतन टाटा के सिद्धांतों और मूल्यों के प्रति ग्रुप की प्रतिबद्धता में उनके भरोसे को दिखाता है।
रतन टाटा ने करीब दो दशकों से अधिक समय तक टाटा ग्रुप की अगुआई की। उन्हें टाटा ग्रुप को एक ग्लोबल इंडस्ट्रियल पावर में बदलने का श्रेय दिया जाता है। उनके रणनीतिक अधिग्रहण, अनोखे पहल और कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता ने उन्हें दुनिया भर में अपार सम्मान और प्रशंसा दिलाई।
उनकी अगुआई में, टाटा ग्रुप का मार्केट कैपिटलाइजेशन करीब 17 गुना बढ़ गया। रतन टाटा के रणनीतिक फैसलों और समय पर किए अधिग्रहणों के कारण इसमें इजाफा हुआ। टाटा ग्रुप की शेयर बाजार में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल मार्केट कैप आज करीब 30 लाख करोड़ से भी अधिक है।
बतौर चेयरमैन उनके कार्यकाल के दौरान टाटा ग्रुप के रेवेन्यू में भारी इजाफा हुआ और यह करीब 18,000 करोड़ रुपये से बढ़कर 5.5 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया। जबकि उनकी कंपनियों का कुल मार्केट कैप लगभग 30,000 करोड़ रुपये से बढ़कर 5 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
NSE पर आज 10 अक्टूबर को सुबह 11:13 बजे के करीब, टाटा इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन और TRF के शेयरों में करीब 10 फीसदी की तेजी आई। वहीं टाटा टेलीसर्विसेज, टाटा केमिकल्स में करीब 6 फीसदी तक बढ़ गए थे। नेल्को, रैलिस इंडिया, टाटा पावर कंपनी, टाटा एलेक्सी समेत ग्रुप के दूसरे शेयर 3 फीसदी तक की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।
वहीं टाटा टेक्नोलॉजीज, तेजस नेटवर्क्स, इंडियन होटल्स कंपनी, ओरिएंटल होटल्स, ताज GVK होटल्स एंड रिसॉर्ट्स, टाटा कम्युनिकेशंस, टाटा स्टील, वोल्टास, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, टाइटन, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और टाटा मोटर्स में भी 0.5 से 2.5 फीसदी तक की तेजी देखी गई।
हालांकि ट्रेंट लिमिटेड का शेयर इसमें इकलौता अपवाद रहा और वह करीब 1 फीसदी नीचे कारोबार कर रहा था। इस साल टाटा ग्रुप की कम के कम 16 कंपनियों ने दोहरे अंकों में रिटर्न दिया है।