Tata Motors PV Q4 update: टाटा मोटर्स के पैसेंजर व्हीकल (TMPV) बिजनेस ने बताया कि उसकी ब्रिटिश सब्सिडियरी Jaguar Land Rover (JLR) में सुधार देखने को मिला है। कंपनी के मुताबिक, 31 मार्च 2026 को खत्म हुई चौथी तिमाही में व्होलसेल और रिटेल वॉल्यूम बेहतर हुए हैं। पूरे वित्त वर्ष में भी सुधार के संकेत दिखे हैं। यह जानकारी एक्सचेंज फाइलिंग में दी गई है।
तेज रिकवरी, लेकिन सालाना गिरावट
टाटा मोटर्स के मुताबिक, चौथी तिमाही में होलसेल वॉल्यूम में पिछली तिमाही के मुकाबले अच्छी रिकवरी हुई। इसकी वजह साइबर इंसिडेंट के बाद प्रोडक्शन का सामान्य होना रहा। हालांकि, सालाना आधार पर वॉल्यूम अब भी कम रहे। क्योंकि बाजार में चुनौतियां बनी रहीं और कुछ पुराने मॉडल्स को प्लान के तहत हटाया गया।
इस तिमाही में होलसेल वॉल्यूम 95,300 यूनिट रहे, चीन के Chery JLR जॉइंट वेंचर को छोड़कर। यह पिछले साल के मुकाबले 14.5% कम है, लेकिन तीसरी तिमाही के मुकाबले 61.1% ज्यादा है। यूरोप में 4.1% की ग्रोथ दर्ज हुई, जबकि UK, नॉर्थ अमेरिका, चीन, ओवरसीज मार्केट्स और MENA में गिरावट रही।
पूरे साल पर कई वजहों का असर
पूरे FY26 में होल लसेल वॉल्यूम 3,07,900 यूनिट रहे, जो FY25 के मुकाबले 23.2% कम हैं। कंपनी के अनुसार इस गिरावट के पीछे कई कारण रहे। जैसे कि अमेरिका में टैरिफ का असर, चीन के बाजार में कमजोरी, नए मॉडल लॉन्च से पहले पुराने Jaguar मॉडल्स को हटाना और साइबर इंसिडेंट के कारण प्रोडक्शन रुकना।
प्रीमियम मॉडल्स की हिस्सेदारी बढ़ी
चौथी तिमाही में Range Rover, Range Rover Sport और Defender जैसे प्रीमियम मॉडल्स की हिस्सेदारी बढ़कर 77.1% हो गई। यह पिछले साल की समान तिमाही में 66.3% और पिछली तिमाही में 74.3% थी। पूरे साल में यह हिस्सेदारी 76.5% रही, जबकि FY25 में यह 67.8% थी।
रिटेल सेल्स में भी मिला-जुला ट्रेंड
मार्च तिमाही में रिटेल सेल्स 92,700 यूनिट रही (CJLR सहित)। यह सालाना आधार पर 14.3% कम है, लेकिन पिछली तिमाही के मुकाबले 16.2% ज्यादा है। चीन, नॉर्थ अमेरिका, यूरोप, UK और अन्य बाजारों में रिटेल वॉल्यूम में गिरावट देखी गई।
पूरे FY26 में रिटेल वॉल्यूम 3,52,300 यूनिट रहे, जो FY25 के मुकाबले 17.8% कम हैं। JLR ने कहा है कि वह अपने चौथी तिमाही और पूरे साल के नतीजे मई 2026 में जारी करेगी।
शेयर प्राइस में हल्की बढ़त
2 अप्रैल को Tata Motors का शेयर NSE पर 0.18% की मामूली बढ़त के साथ ₹303.50 पर बंद हुआ। पिछले 1 महीने में स्टॉक 18.11% गिरा है। वहीं, 1 साल में 25.38% नीचे आया है। कंपनी का मार्केट कैप 1.12 लाख करोड़ रुपये है।