Tata Motors Share Price: पैसेंजर और कॉमर्शियल वेईकल बनाने वाली टाटा मोटर्स के शेयरों में आज बिकवाली का भारी दबाव दिखा। इसके शेयरों में बिकवाली की यह आंधी इस मीडिया रिपोर्ट पर आई, जिसमें दावा किया गया है कि इसकी यूनिट जगुआर लैंड रोवर (Jaguar Land Rover) को साइबर हमले में करारा शॉक लगा है। यह शॉक इतना तगड़ा है कि इसके चलते इसे वित्त वर्ष 2025 में हुए पूरे मुनाफे से अधिक नुकसान की आशंका है। इस वजह से टाटा मोटर्स के शेयर फिसल गए। निचले स्तर पर खरीदारी के बावजूद यह संभल नहीं पाया। आज बीएसई पर यह 2.71% की गिरावट के साथ ₹664.25 पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 4.02% टूटकर ₹655.30 तक आ गया था।