Tata Motors Shares: टाटा मोटर्स के शेयर आज 2 सितंबर को शुरुआती कारोबार के दौरान 2 फीसदी तक लुढ़क गए। यह गिरावट इस खबर के बाद आई कि अगस्त महीने के दौरान कंपनी की बिक्री धीमी हुई है। सुबह 9.45 बजे, टाटा मोटर्स के शेयर एनएसई पर 1,098.35 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। हालांकि इस गिरावट के बावजूद, इस साल अबतक टाटा मोटर्स के शेयरों में करीब 38 फीसदी की तेजी आई है। टाटा ग्रुप की इस कंपनी की बिक्री अगस्त में 8 फीसदी घटकर 71,693 यूनिट्स रही। जबकि एक साल पहले इसी महीने में इसने 78,010 यूनिट्स की बिक्री की थी। कंपनी के कमर्शियल व्हीकल (CV) और पैसेंजर व्हीकल (PV) दोनों सेगमेंट में गिरावट दर्ज की गई।
टाटा मोटर्स की अगस्त में कमर्शियल व्हीकल (CV) की कुल बिक्री 27,207 यूनिट्स रही, जो एक साल पहले इसी महीने में हुई 32,077 यूनिट्स की बिक्री से करीब 15 फीसदी कम है। वहीं इसके पैसेंजर व्हीकल (PV) की बिक्री अगस्त में 3 फीसदी घटकर 44,486 यूनिट्स रही।
हालांकि ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2025 में कंपनी की मीडियम और हैवी कमर्शियल वाहनों (M&HCV) की बिक्री में लगभग 4 प्रतिशत की बढ़ोतरी हो सकती है। इस हिसाब से कंपनी की M&HCV सेगमेंट की औसत मासिक बिक्री 17,400 यूनिट्स पर पहुंच सकती है। वहीं लाइट कमर्शियल वाहनों (LCV) में ब्रोकरेज को आने वाले महीनों में 5 प्रतिशत की ग्रोथ या मासिक 19,300 यूनिट्स की बिक्री रहने की संभावना है।
पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट में, मोतीलाल ओसवाल ने वित्त वर्ष 2025 में 6 प्रतिशत की ग्रोथ का अनुमान लगाया है, जिसका मतलब है बाकी बचे महीनों में कंपनी की इस सेगमेंट ग्रोथ 13 प्रतिशत या औसत बिक्री 48,900 यूनिट्स रह सकती है।
कुल मिलाकर, ब्रोकरेज को टाटा मोटर्स की वित्त वर्ष 2025 में बिक्री स्थिर रहने की उम्मीद है और बाकी बचे महीनों में उसे 2.5 प्रतिशत की सालाना ग्रोथ और लगभग 85,600 यूनिट्स की मासिक बिक्री रहने का अनुमान है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।