Tata Motors Shares: टाटा मोटर्स के शेयरों में आज 27 मार्च को कारोबार शुरू होते ही भारी गिरावट आई। शेयर का भाव 7 फीसदी तक लुढ़ककर 661 रुपये के भाव पर आ गया। यह गिरावट अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नए टैरिफ ऐलानों के बाद आई है, जिसने निवेशकों को चिंता में डाल दिया है। ट्रंप ने सभी विदेशी कारों की आयात पर 25 फीसदी का टैरिफ लगाने का ऐलान किया है। यह नया टैरिफ 2 अप्रैल से लागू होने वाला है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि यह सिर्फ कुछ देशों पर लागू होगा या सभी गैर-अमेरिकी कार कंपनियों पर।
टाटा मोटर्स पर क्यों पड़ा असर?
Tata Motors की सब्सिडियरी कंपनी जगुआर लैंड रोवर (JLR) के लिए अमेरिका सबसे बड़े बाजारों में से एक है। JLR की कुल ग्लोबल बिक्री का एक-तिहाई हिस्सा नॉर्थ अमेरिका से आता है। सिर्फ अमेरिका से ही कंपनी की कुल बिक्री का 22% हिस्सा आता है। JLR की कारें मुख्य रूप से ब्रिटेन और दूसरे अंतरराष्ट्रीय देशों में बनती हैं, जो अब 25% टैरिफ के दायरे में आ जाएंगी।
ब्रोकरेज फर्म्स का क्या कहना है?
कई ब्रोकरेज ने फर्मों ने हाल ही में टाटा मोटर्स और उसके संभावित टैरिफ के असर को लेकर विचार किया था। एनालिस्ट्स के बीच आम सहमति यह थी कि जेएलआर अपने वित्त वर्ष 25 के लक्ष्यों को पूरा करने के लिए सही रास्ते पर है और आने वाली तिमाहियों में वॉल्यूम ग्रोथ की उम्मीद है। ब्रोकरेज ने कहा कि अमेरिकी ऑटो टैरिफ के बारे में चिंताएं बनी हुई हैं। हालांकि कंपनी कीमतों में बढ़ोतरी और लागत दक्षता के जरिए इसके असर को कम कर सकती है, जिससे इसकी ग्रोथ बनी रहेगी।
नोमुरा ने शेयर पर 'BUY' रेटिंग बरकरार रखा है और इसे 861 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। ब्रोकरेज ने JLR की लग्जरी कार रणनीति और FY25 के लिए मजबूत EBIT मार्जिन लक्ष्यों को देखते हुए कंपनी के ग्रोथ ट्रैजेक्टरी पर भरोसा जताया है।
मैक्वयरी ने भी शेयर पर 'Outperform' रेटिंग के साथ अपना बुलिश नजरिया बरकरार रखा है। ब्रोकरेज ने कहा कि JLR की वित्तीय स्थिति मजबूत हो रही है और Tata Motors की घरेलू कमर्शियल व्हीकल (CV) बिजनेस में भी मार्जिन सुधर रहे हैं।
CLSA ने टाटा मोटर्स के शेयर को अपनी 'High Conviction Outperform' लिस्ट में शामिल किया है और इसे 930 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। ब्रोकरेज ने कहा कि उसे पूरा भरोसा है कि JLR मौजूदा और अगले वित्त वर्ष के सभी फाइनेंशियल लक्ष्यों को पूरा कर लेगी।
हालांकि नुवामा की राय इन सबसे अलग है। उसने टाटा मोटर्स के शेयर को रेड्यूस की रेटिंग के साथ 720 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। ब्रोकरेज ने टैरिफ और मैक्रोइकोनॉमिक अनिश्चितताओं को लेकर सतर्क रुख अपनाया हुआ है। उसका मानना है कि JLR कीमतें बढ़ाकर टैरिफ के असर को कम कर सकती है, लेकिन इससे कंपनी के बिक्री पर असर पड़ सकता है।
सुबह 10.12 बजे के करीब टाटा मोटर्स के शेयर एनएसई पर 5.32 फीसदी की गिरावट के साथ 670.60 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। इस साल अब तक कंपनी के शेयरों में करीब 10.50 फीसदी की गिरावट आ चुकी है। वहीं पिछले एक साल में इसका भाव लगभग 32 फीसदी घटा है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।