Tata Motors के शेयरों ने 8 साल बाद छुआ नया ऑल-टाइम हाई, इस साल 57% की आई तेजी

Tata Motors Shares: टाटा मोटर्स के शेयरों ने शुक्रवार 7 जुलाई को एक नया रिकॉर्ड बनाया और अपने अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गए। कंपनी के शेयर एनएसई पर 3.68 फीसदी की उछाल के साथ 622.90 रुपये के स्तर पर बंद हुए। इसके साथ ही इसने 606 रुपये के अपने पिछले ऑल-टाइम हाई रिकॉर्ड को तोड़ दिया

अपडेटेड Jul 07, 2023 पर 5:43 PM
Tata Motors ने जून तिमाही में जगुआर-लैंड रोवर की बिक्री में मजबूत उछाल की जानकारी दी है

Tata Motors Shares: टाटा मोटर्स के शेयरों ने शुक्रवार 7 जुलाई को एक नया रिकॉर्ड बनाया और अपने अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गए। कंपनी के शेयर एनएसई पर 3.68 फीसदी की उछाल के साथ 622.90 रुपये के स्तर पर बंद हुए। इसके साथ ही इसने 606 रुपये के अपने पिछले ऑल-टाइम हाई रिकॉर्ड को तोड़ दिया, जो इसने करीब 8 साल पहले 3 फरवरी 2015 को बनाया था। टाटा मोटर्स ने हाल ही में जून तिमाही के दौरान जगुआर-लैंड रोवर की बिक्री में मजबूत उछाल की जानकारी दी थी। इसी के बाद इसके शेयरों में यह तेजी आई है।

कंपनी ने बताया कि उसकी लग्जरी सब्सिडियरी कंपनी, जगुआर-लैंड रोवर की होलसेल बिक्री (चीन में बिक्री को छोड़कर) पहली तिमाही में 93,253 यूनिट रही, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही के मुकाबले 30 प्रतिशत अधिक है। कंपनी की रिटेल बिक्री (चाइनीज ज्वाइंट वेंचर की बिक्री सहित) में भी सालाना आधार पर 29 फीसदी की ग्रोथ दर्ज की गई और यह जून तिमाही में 101,994 यूनिट रही।

पिछले वित्त वर्ष के मुकाबले, विदेशी बाजारों में कंपनी की बिक्री में सबसे अधिक 83 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं नॉर्थ अमेरिका में 42 प्रतिशत बढ़ोतरी, चीन में 40 प्रतिशत ऊपर और यूके में 6 प्रतिशत बढ़ोतरी रही, जबकि यूरोप का बाजार सपाट रहा।


यह भी पढ़ें- Intellect Design Arena को सरकार ने इस कारण कहा टाटा, धड़ाम से 8% टूट गए शेयर

इसके अलावा, टाटा मोटर्स ने यह भी कहा कि तिमाही के अंत में 1,85,000 से अधिक क्लाइंट ऑर्डर के साथ उसकी ऑर्डर बुक मजबूत बनी हुई है और चिप सहित अन्य इक्विपमेंट्स की सप्लाई में सुधार हुआ है। रेंज रोवर, रेंज रोवर स्पोर्ट और डिफेंडर की मांग खास तौर से मजबूत थी और ऑर्डर बुक का 76 प्रतिशत हिस्सा इनका ही था।

अगले सप्ताह से शेयर बाजार में सूचीबद्ध कंपनियों के तिमाही नतीजे आने शुरू होंगे। सभी की निगाहें टाटा मोटर्स की तिमाही आय पर होंगी। टाटा मोटर्स के शेयरों में पिछले एक महीने में 11.29 फीसदी की तेजी आई है। वहीं इस साल की शुरुआत से अबतक यह शेयर करीब 57.78% चढ़ चुका है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।