Tata Power का प्रदर्शन दूसरी छमाही में दमदार रहने की उम्मीद, शेयर की हो सकती है रीरेटिंग
टाटा पावर का प्रदर्शन सितंबर तिमाही में अच्छा रहा। कंपनी का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू साल दर साल आधार पर 26 फीसदी बढ़ा। रिपोर्टेड प्रॉफिट आफ्टर टैक्स (PAT) 33 फीसदी बढ़कर 1,652 करोड़ रुपये हो गया
MoneyControl News
अपडेटेड Nov 12, 2026 पर 1:38 PM
टाटा पावर के पास करीब 7.1 GW का रिन्यूएबल एनर्जी जनरेशन पोर्टफोलियो है।
टाटा पावर को वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी छमाही में कारोबार के बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। कंपनी का मानना है कि अटके हुए प्रोजेक्ट्स के शुरू होने, रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता में वृद्धि और बिजली की मजबूत मांग से आने वाले महीनों में रेवेन्यू और मुनाफे को सपोर्ट मिलेगा। कंपनी के मुताबिक, कमजोर मानसून और ट्रांसमिशन इंफ्रास्ट्रक्चर में देरी के कारण इस वित्त वर्ष की पहली छमाही में प्रोजेक्ट्स के क्रियान्वयन पर असर पड़ा।
सितंबर तिमाही में ज्यादातर मोर्चों पर मजबूत प्रदर्शन
टाटा पावर का प्रदर्शन सितंबर तिमाही में अच्छा रहा। कंपनी का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू साल दर साल आधार पर 26 फीसदी बढ़ा। रिपोर्टेड प्रॉफिट आफ्टर टैक्स (PAT) 33 फीसदी बढ़कर 1,652 करोड़ रुपये हो गया। टाटा पावर के रिन्यूएबल एनर्जी कारोबार का रेवेन्यू 3.7 फीसदी बढ़कर 3,746 करोड़ रुपये रहा। इस सेगमेंट का EBITDA 9.7 फीसदी बढ़कर 1,728 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
कंपनी के रूफटॉप सोलर कारोबार की भी अच्छी ग्रोथ
कंपनी की TP Solar मैन्युफैक्चरिंग इकाई का प्रदर्शन भी मजबूत रहा। इसका रेवेन्यू 23 फीसदी बढ़कर 2,180 करोड़ रुपये और PAT 16 फीसदी बढ़कर 276 करोड़ रुपये हो गया। रूफटॉप सोलर कारोबार में भी अच्छी ग्रोथ देखने को मिली। कंपनी ने सितंबर तिमाही के दौरान 426 MWp की रूफटॉप सोलर क्षमता की बिलिंग और इंस्टॉलेशन किया, जो पिछले साल की समान अवधि से 15 फीसदी ज्यादा है।
ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन कारोबार का मजबूत प्रदर्शन
ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन (T&D) कारोबार का रेवेन्यू 11.9 फीसदी बढ़ा, जबकि EBITDA 24 फीसदी बढ़कर 1,752 करोड़ रुपये हो गया। ओडिशा में कंपनी की डिस्ट्रीब्यूशन इकाइयों ने संयुक्त रूप से 233 करोड़ रुपये का PAT दर्ज किया, जो सालाना आधार पर 33 फीसदी ज्यादा है। इस दौरान AT&C लॉस करीब 21 फीसदी पर स्थिर रहे। मुंबई ट्रांसमिशन कारोबार से भी कंपनी को स्थिर रिटर्न मिल रहा है।
दिसंबर और जनवरी में शुरू हो सकती हैं अटकी ट्रांसमिशन लाइनें
टाटा पावर के पास करीब 7.1 GW का रिन्यूएबल एनर्जी जनरेशन पोर्टफोलियो है। हालांकि, ट्रांसमिशन और दूसरे इंफ्रास्ट्रक्चर में देरी के कारण पहली छमाही में क्षमता विस्तार प्रभावित हुआ। कंपनी प्रबंधन को उम्मीद है कि कुछ अटकी हुई ट्रांसमिशन लाइनें दिसंबर 2026 से जनवरी 2027 के बीच उपलब्ध हो जाएंगी। इससे रिन्यूएबल एनर्जी प्रोजेक्ट्स से बिजली की सप्लाई आसान होगी और नई क्षमता का योगदान बढ़ सकेगा। कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 में 2.5 GW रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता जोड़ने का लक्ष्य रखा है।
पहली छमाही 10,000 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड पूंजीगत खर्च
टाटा पावर ने FY27 की पहली छमाही में करीब 10,000 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड पूंजीगत खर्च किया। कंपनी वित्त वर्ष के लिए 35,000 करोड़ रुपये के कैपेक्स लक्ष्य को हासिल करने की राह पर है। यह निवेश रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता विस्तार, सोलर मैन्युफैक्चरिंग, ट्रांसमिशन, डिस्ट्रीब्यूशन और अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स पर किया जा रहा है।
Tata Power के शेयर की री-रेटिंग की संभावना
टाटा पावर के शेयर की वैल्यूएशन की बात की जाए तो यह FY28 की अनुमानित कमाई के करीब 19 गुना वैल्यूएशन पर आकर्षक नजर आता है। कंपनी की रिन्यूएबल एनर्जी, सोलर मैन्युफैक्चरिंग, रूफटॉप सोलर, ट्रांसमिशन और एनर्जी स्टोरेज कारोबार में बढ़ती मौजूदगी लंबी अवधि में ग्रोथ के नए अवसर दे सकती है।
पंप्ड स्टोरेज और मैन्युफैक्चरिंग में नए निवेश से भी कंपनी की भविष्य की संभावनाएं मजबूत हो सकती हैं। इसके अलावा, कमाई में सुधार और कुछ पुरानी कारोबारी चुनौतियों का समाधान होने से शेयर की वैल्यूएशन में री-रेटिंग की संभावना बन सकती है। टाटा पावर का शेयर 12 नवंबर को 1:30 बजे 0.68 फीसदी गिरकर 356.60 रुपये पर चल रहा था।
डिसक्लेमर: मनीकंट्रोल पर एक्सपर्ट्स की तरफ से व्यक्त विचार उनके अपने विचार होते हैं। ये वेबसाइट या इसके मैनेजमेंट के विचार नहीं होते। मनीकंट्रोल की यूजर्स को सलाह है कि उन्हें निवेश का फैसला लेने से पहले सर्टिफायड एक्सपर्ट्स की राय लेनी चाहिए।