TBI Corn IPO Listing: टीबीआई कॉर्न के शेयरों की आज NSE के SME प्लेटफॉर्म पर धांसू एंट्री हुई। खुदरा निवेशकों के दम पर इसके आईपीओ को ओवरऑल 231 गुना से अधिक बोली मिली थी। खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित हिस्सा 523 गुना से अधिक सब्सक्राइब हुआ था। आईपीओ के तहत 94 रुपये के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज NSE SME पर इसकी 198 रुपये पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को 110.64 फीसदी का लिस्टिंग गेन (TBI Corn Listing Gain) मिला।लिस्टिंग के बाद शेयर और ऊपर चढ़े। उछलकर यह 207.90 रुपये (TBI Corn Share Price) के अपर सर्किट पर पहुंच गया और इसी पर बंद भी हुआ यानी कि आईपीओ निवेशक अब 121.17 फीसदी मुनाफे में हैं।
TBI Corn IPO को मिला था तगड़ा रिस्पांस
टीबीआई कॉर्न का ₹44.94 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 31 मई से 4 जून तक खुला था। खुदरा निवेशकों के दम पर इस आईपीओ को निवेशकों का जबरदस्त रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 231.21 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 81.41 गुना, नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 516.50 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 523.29 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 47,80,800 नए शेयर जारी हुए हैं। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल कंपनी मौजूदा यूनिट के विस्तार, वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में करेगी।
टीबीआई कॉर्न वर्ष 2000 में बनी थी। यह कॉर्न मील ग्रिट्स बनाती है और इसे देश-विदेश में सप्लाई करती है। इसका प्रोडक्ट्स का निर्यात यूएई, ओमान, जॉर्डन, दक्षिण अफ्रीका और वियतनाम को होता है। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हुई है। वित्त वर्ष 2021 में इसे 23.93 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2022 में उछलकर 45.16 लाख रुपये और वित्त वर्ष 2023 में 6.86 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू सालाना 43 फीसदी से अधिक की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़कर 140.43 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। पिछले वित्त वर्ष 2023-24 की बात करें तो अप्रैल-दिसंबर 2023 में इसे 7.66 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा और 101.96 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल हो चुका है।