TCS Dividend: टाटा ग्रुप की आईटी कंपनी TCS (Tata Consultancy Services) ने 12 अप्रैल को जनवरी-मार्च 2024 तिमाही और वित्त वर्ष 2023-24 के वित्तीय नतीजे जारी किए। इसके साथ ही कंपनी ने वित्त वर्ष 2024 के लिए फाइनल डिविडेंड पर भी मुहर लगाई। TCS ने शेयर बाजारों को बताया कि उसके बोर्ड ने शेयरधारकों के लिए 28 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड मंजूर किया है।
यह डिविडेंड 29वीं सालाना आम बैठक खत्म होने के चौथे दिन शेयरधारकों को डिस्पैच कर दिया जाएगा। हालांकि अभी इस डिविडेंड पर शेयरहोल्डर्स की मंजूरी लिया जाना बाकी है। TCS ने इससे पहले इस साल जनवरी में 9 रुपये प्रति शेयर का तीसरा इंटरिम डिविडेंड और 18 रुपये प्रति शेयर का स्पेशल डिविडेंड घोषित किया था। उससे पहले अक्टूबर 2023 में 9 रुपये प्रति शेयर का डिविडेंड घोषित किया था।
पिछले 12 महीनों में कंपनी 69 रुपये प्रति शेयर का इक्विटी डिविडेंड घोषित कर चुकी है। इसके अलावा वित्त वर्ष 2024 में 17,000 करोड़ रुपये का बायबैक भी किया था।
जनवरी-मार्च 2024 तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 9.1 प्रतिशत बढ़कर 12,434 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले यह 11,392 करोड़ रुपये था। चौथी तिमाही में कंपनी का ऑपरेशंस से रेवेन्यू सालाना आधार पर 3.5 प्रतिशत की बढ़त के साथ 61,237 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। एक साल पहले जनवरी-मार्च 2023 तिमाही में यह 59,162 करोड़ रुपये रहा था।नतीजे जारी होने से पहले TCS के शेयर 0.48 फीसदी तेजी के साथ 4003.80 रुपए पर बंद हुए।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।