Texmaco Rail share: टेक्समैको रेल एंड इंजीनियरिंग लिमिटेड के शेयरों में आज 28 अक्टूबर को 6 फीसदी तक की तेजी देखी गई। यह स्टॉक BSE पर इस समय 4.73 फीसदी तक की बढ़त के साथ 206.95 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहा है। दरअसल, रेलवे फर्म ने 30 सितंबर 2024 को समाप्त तिमाही में शानदार नतीजे जारी किए हैं। इस खबर के चलते कंपनी के शेयरों में जमकर खरीदारी हो रही है। आज की तेजी के साथ कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 8,294 करोड़ रुपये हो गया है। स्टॉक का 52-वीक हाई 296.60 रुपये और 52-वीक लो 120.45 रुपये है। पिछले तीन साल में इस शेयर ने 542 फीसदी का तगड़ा रिटर्न दिया है।
Texmaco Rail का नेट प्रॉफिट 3 गुना बढ़ा
टेक्समैको रेल का नेट प्रॉफिट FY25 की सितंबर तिमाही में करीब तीन गुना बढ़ा है। तिमाही के दौरान मुनाफा सालाना आधार पर 195 फीसदी बढ़कर 74.1 करोड़ रुपये हो गया। इसके अलावा, कंपनी का रेवेन्यू वित्त वर्ष 2025 की दूसरी तिमाही में सालाना आधार पर 67 फीसदी बढ़कर 1346 करोड़ रुपये हो गया। रेलवे फर्म का EBITDA 74 प्रतिशत बढ़कर 132 करोड़ रुपये हो गया और Ebitda मार्जिन पिछले साल की समान अवधि के 9.5 फीसदी से बढ़कर 9.8 फीसदी हो गया।
Texmaco Rail ने किया JRIL का अधिग्रहण
आय की घोषणा के बाद टेक्समैको रेल ने कहा कि उसने 3 सितंबर 2024 को जिंदल रेल इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (JRIL) का अधिग्रहण पूरा कर लिया है और अब कंपनी का नाम बदलकर टेक्समैको वेस्ट रेल लिमिटेड कर दिया गया है। यह अधिग्रहण 614 करोड़ रुपये में किया गया था। वर्ष की पहली छमाही के दौरान टेक्समैको ने अपने इतिहास में अब तक की सबसे अधिक माल गाड़ी की बिक्री हासिल की, जिसमें 5301 माल गाड़ियां बेची गईं।
मैनेजिंग डायरेक्टर सुदीप्त मुखर्जी ने कहा, "जिंदल रेल एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के अधिग्रहण के साथ हमने माल गाड़ी मैन्युफैक्चरिंग इंडस्ट्री में लीडरशिप हासिल कर ली है। FY24 की दूसरी तिमाही के दौरान हमने 2927 माल गाड़ी की डिलीवरी की, जिनमें से 72% भारतीय रेलवे को और 28% प्राइवेट कस्टमर्स और निर्यात बाजारों को दी गईं।"
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।