Stock Trend: घरेलू मार्केट में आज बिकवाली का दबाव रहा और सेंसेक्स 1020.80 अंक यानी 1.73 फीसदी की गिरावट के साथ 58,098.92 पर बंद हुआ है। हालांकि इस कमजोर मार्केट सेंटिमेंट में भी हैवी इलेक्ट्रिक इक्विपमेंट सेक्टर की दिग्गज कंपनी श्नाइडर इलेक्ट्रिक इंफ्रास्ट्रक्चर (Schneider Electric Infrastructure) के शेयरों में जबरदस्त खरीदारी हुई।
शानदार खरीदारी के दम पर इंट्रा-डे में यह करीब 12 फीसदी की उछाल के साथ 189.60 रुपये के भाव पर पहुंच गया। अगस्त 2015 के बाद से यानी कि पिछले छह साल में यह अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है।
सेंसेक्स के मुकाबले ज्यादा तेज बढ़ा Schneider Electric Infra
श्नाइडर इलेक्ट्रिक इंफ्रा के शेयरों ने इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स के मुकाबले आउटपरफॉर्म किया है। सेंसेक्स में इस साल 2022 में 1.83 की गिरावट रही है। वहीं दूसरी तरफ श्नाइडर इलेक्ट्रिक इंफ्रा के शेयर बीएसई पर इस साल 63.16 फीसदी मजबूत हुए हैं। एक महीने में यह 42.32 फीसदी उछला है।
कंपनी के बारे में डिटेल्स
श्नाइडर इलेक्ट्रिक इलेक्ट्रिसिटी डिस्ट्रीब्यूशन के लिए डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफॉर्मर्स, मीडियम वोल्टेज स्विचगियर्स, मीडियम और लो वोल्टेज प्रोटेक्शन रिलेज और इलेक्ट्रिसिटी डिस्ट्रीब्यूशन और ऑटोमेशन इक्विपमेंट बनाती है। कंपनी के वित्तीय स्थिति की बात करें तो चालू वित्त वर्ष 2022-23 की पहली तिमाही अप्रैल-जून 2022 में कंपनी को 26.4 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा (प्रॉफिट आफ्टर टैक्स) हासिल हुआ था। एक साल पहले की समान तिमाही में 16.10 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था।
कंपनी के कारोबार को लेकर आगे क्या हैं रूझान
पॉवर और ग्रिड सेक्टर में कई रिफॉर्म के चलते कंपनी का मानना है कि यह लचीला रहेगा। इसके अलावा रिन्यूएबल एनर्जी, प्राइवेटाइजेशन और टीएंडडी (ट्रांसमिशन एंड डिस्ट्रीब्यूशन स्पेस) में नुकसान को कम करने की कोशिश, ये सब कंपनी के पक्ष में हैं। अगले कुछ वर्षों में डिजिटलाइजेशन समेत और भी रिफॉर्म होने हैं।
सरकार का फोकस पॉवर सेक्टर पर बना रहेगा। ऐसे में मैनेजमेंट का मानना है कि इसमें कारोबारी ग्रोथ बेहतर रहेगी। वहीं ट्रांसपोर्टेशन सेक्टर की बात करें तो देश भर में मेट्रो लाइन्स का विस्तार हो रहा, रेलवे को मॉडर्न बनाया जा रहा और नए एयरपोर्ट तैयार किए जा रहे हैं, इन सबके चलते कंपनी के कारोबार को सपोर्ट मिलेगा।