Torrent Power share price: टॉरेंट ग्रुप की एंटिटी टॉरेंट पावर को महाराष्ट्र सरकार से 2000 मेगावाट एनर्जी स्टोरेज कैपिसिटी की सप्लाई का कॉन्ट्रैक्ट मिला है। कंपनी ने आज मंगलवार को यह जानकारी दी। टॉरेंट पावर ने एक बयान में कहा कि 2000 मेगावाट की क्षमता में पिछले महीने मिला 1500 मेगावाट का ऑर्डर शामिल है। महाराष्ट्र राज्य विद्युत वितरण कंपनी (MSEDCL) से कंपनी को 17 सितंबर को यह ऑर्डर मिला था। कंपनी को अभी 500 मेगावाट क्षमता की सप्लाई का ऑर्डर मिला है। इससे कुल सप्लाई ऑर्डर 2000 मेगावाट क्षमता तक पहुंच गई है।
कंपनी के शेयरों में आज 0.95 फीसदी की तेजी देखी गई और यह स्टॉक BSE पर 1817.15 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। पिछले एक साल में स्टॉक ने 150 फीसदी का शानदार रिटर्न दिया है।
टॉरेंट पावर ने कहा, ‘‘उसकी InSTS (इंटिग्रेटेड सिस्टम ऑफ ट्रांसमिशन एंड स्टोरेज) से जुड़े पंप हाइड्रो स्टोरेज प्लांट से 2000 मेगावाट एनर्जी स्टोरेज कैपिसिटी की लॉन्ग टर्म सप्लाई के लिए महाराष्ट्र राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड से ऑर्डर प्राप्त हुआ है।’’ MSEDCL 40 साल की अवधि के लिए टारेंट पावर के InSTS से जुड़े पंप हाइड्रो स्टोरेज से एनर्जी स्टोरेज कैपिसिटी खरीदेगा। कंपनी की योजना महाराष्ट्र में अपने आगामी स्टोरेज प्लांट से स्टोरेज कैपिसिटी की सप्लाई करने की है।
टॉरेंट पावर ने कहा कि एनर्जी स्टोरेज सॉल्यूशन की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए उसने कई अन्य राज्यों में पंप स्टोरेज प्रोजेक्ट (पीएसपी) स्थलों की भी पहचान की है। कंपनी पहले ही 25,000 से 35,000 करोड़ रुपये के निवेश के साथ लगभग पांच से आठ गीगावाट पीएसपी कैपिसिटी स्थापित करने की योजना की घोषणा कर चुकी है। इंटीग्रेटेड पावर कंपनी टॉरेंट पावर पावर जनरेशन, ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन क्षेत्र में काम कर रही है। कंपनी की कुल स्थापित बिजली उत्पादन क्षमता 4.4 गीगावाट (जीडब्ल्यूपी) है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।