Transport Corporation of India Share Buyback: लॉजिस्टिक्स सॉल्यूशन प्रोवाइड कराने वाली कंपनी ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया 13.33 लाख शेयरों का बायबैक करने वाली है। 24 अगस्त को कंपनी के बोर्ड ने इस बायबैक को मंजूरी दी। कंपनी ने शेयर बाजारों को बताया है कि बायबैक के तहत 2 रुपये फेस वैल्यू वाले 13,33,333 तक फुली पेड अप इक्विटी शेयरों को शेयरहोल्डर्स से वापस खरीदा जाएगा। बायबैक 1200 रुपये प्रति शेयर के भाव पर किया जाएगा। इस बेसिस पर शेयर बायबैक का कुल साइज 1600000000 रुपये या 160 करोड़ रुपये होगा।
30 जून 2024 तक ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया में प्रमोटर और प्रमोटर ग्रुप की हिस्सेदारी 68.94 प्रतिशत थी। कंपनी पहली बार शेयर बायबैक करने जा रही है। कंपनी ने कहा है कि बायबैक के तहत सभी इक्विटी शेयरहोल्डर्स/कंपनी के प्रमोटर्स और प्रमोटर ग्रुप के मेंबर्स समेत कंपनी के बेनिफीशियल ओनर्स से शेयर वापस खरीदने का प्रस्ताव है।
शेयर बायबैक के लिए रिकॉर्ड डेट 4 सितंबर 2024 तय की गई है। इस तारीख तक जिन शेयरधारकों के नाम शेयरों के लाभार्थी मालिकों के तौर पर रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी या डिपॉजिटरीज के रिकॉर्ड्स में होंगे, वे बायबैक में हिस्सा लेने के लिए पात्र होंगे।
कंपनी के शेयर की कीमत शुक्रवार, 23 अगस्त को बीएसई पर 1144.40 रुपये पर बंद हुई। कंपनी का मार्केट कैप 9000 करोड़ रुपये के करीब है। पिछले एक साल में शेयर की कीमत 44 प्रतिशत मजबूत हुई है। साल 2024 में अब तक शेयर 37 प्रतिशत चढ़ा है।
जून तिमाही में मुनाफा 10% बढ़ा
अप्रैल-जून 2024 तिमाही में कंपनी का ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 10 प्रतिशत बढ़कर 1045.10 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले यह 949.8 करोड़ रुपये था। तिमाही के दौरान शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 10 प्रतिशत बढ़कर 91.6 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। एक साल पहले यह 83.2 करोड़ रुपये था।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।