Trent Share Price: ट्रेंट के शेयरों में 23 अप्रैल को बड़ी गिरावट आई। मार्च तिमाही में शानदार प्रदर्शन के बावजूद कंपनी के शेयर क्रैश कर गए। हालांकि, 4 फीसदी तक गिरने के बाद शेयर में कुछ रिकवरी दिखी। ट्रेंट ने 22 अप्रैल को बाजार बंद होने के बाद चौथी तिमाही के नतीजों का ऐलान किया था। 11:10 बजे कंपनी का शेयर 2.65 फीसदी की गिरावट के साथ 4,316 रुपये पर चल रहा था। बीते एक महीने में यह शेयर 28 फीसदी से ज्यादा चढ़ा है। यह टाटा समूह की कंपनी है।
कंपनी का EBITDA मार्जिन बढ़कर 18.5 फीसदी हुआ
Trent का EBITDA मार्च तिमाही में साल दर साल आधार पर 42.3 फीसदी बढ़कर 927.8 करोड़ रुपये रहा। यह एनालिस्ट्स सके 848 करोड़ रुपये के अनुमान से ज्यादा है। EBITDA मार्जिन भी बढ़कर 18.5 फीसदी हो गया। एक साल पहले यह 15.5 फीसदी था। एनालिस्ट्स ने EBITDA मार्जिन 16.8 फीसदी रहने का अनुमान लगाया था।
मार्च तिमाही में 413 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट
चौथी तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट 32.5 फीसदी बढ़कर 413 करोड़ रुपये रहा। यह भी एनालिस्ट्स के अनुमान से ज्यादा है। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू 19.2 फीसदी के उछाल के साथ 5,028 करोड़ रुपये रहा। यह एनालिस्ट्स के अनुमान से थोड़ा कम है। कंपनी के अच्छे प्रदर्शन में स्टोर की संख्या में इजाफा का हाथ रहा। कंपनी ने मार्च तिमाही में जूडियो के 109 स्टोर ओपन किए, जबकि वेस्टसाइड के 22 नए स्टोर ओपन किए। इससे मार्च के अंत तक स्टोर्स की कुल संख्या बढ़कर 1,286 हो गई। इसमें जूडियो के 963 और वेस्टसाइड के 300 स्टोर हैं।
कंपनी का 2,500 करोड़ रुपये जुटाने का प्लान
ट्रेंट ने कहा कि वह इक्विटी और दूसरे तरीकों से 2,500 करोड़ रुपये तक जुटाएगी। बोर्ड ने 1:2 के अनुपात में बोनस इश्यू का भी एलान किया। कंपनी कारोबार के विस्तार के लिए पूंजी जुटा रही है। लेकिन, कंपनी ने यह नहीं बताया कि वह इस पूंजी का किस तरह इस्तेमाल करेगी। इसका असर इनवेस्टर्स सेंटिमेंट पर पड़ा। ब्रोकरेज फर्मों का कहना है कि कंपनी की ग्रोथ तो अच्छी है, लेकिन उन्होंने नई पूंजी जुटाने के प्लान और कमजोर डिमांड आउटलुक पर चिंता जताई है।
Bernstein को ट्रेंट के शेयरों का प्रदर्शन बेहतर रहने की उम्मीद
विदेशी ब्रोकरेज फर्म Bernstein ने ट्रेंट के शेयरों पर 'आउटपरफॉर्म' की अपनी रेटिंग बनाए रखी है। उसने इसके शेयरों के लिए 5,000 रुपये का टारगेट दिया है। उसने कहा है कि कंपनी की ग्रोथ स्ट्रॉन्ग रह सकती है, लेकिन राइट्स इश्यू को लेकर इनवेस्टर्स उत्साहित नहीं हैं। उसने कहा है कि नई पूंजी के इस्तेमाल को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।
विदेशी ब्रोकरेज फर्म सिटी ने शेयर को बेचने की दी सलाह
एसएसबीसी ने शेयर को खरीदने की सलाह दी है। उसने शेयरों के लिए 4,830 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। जेफरीज ने शेयर को 'होल्ड' करने की सलाह दी है। उसने शेयर के लिए 4,675 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। सिटी ने इस शेयर को बेचने की सलाह दी है। उसने 4,100 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है।