दिग्गज दोपहिया कंपनी टीवीएस मोटर कंपनी (TVS Motor Company) के शेयरों में आज अच्छी खरीदारी दिखी और आज यह रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया। खरीदारी का यह रुझान ब्रोकरेज फर्मों के पॉजिटिव स्टैंड के चलते दिख रहा है। टीवीएस मोटर की फाइनेंसिंग इकाई टीवीएस क्रेडिट (TVS Credit) में भारी-भरकम निवेश और स्विस ई-मोबिलिटी ग्रुप की 25 फीसदी अतिरिक्त हिस्सेदारी खरीदने के चलते कुछ ब्रोकरेज फर्मों ने टीसीएस मोटर के टारगेट प्राइस को बढ़ा दिया। ब्रोकरेज के मुताबिक इसके शेयर मौजूदा लेवल से करीब 12 फीसदी ऊपर चढ़ सकते हैं। आज यह बीएसई पर 0.16 फीसदी की मजबूती के साथ 1339.40 रुपये (TVS Motor Company Share Price) पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 1384.55 रुपये की रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया था। इस साल यह 25 फीसदी से अधिक मजबूत हुआ है।
