सीमेंट सेक्टर की दिग्गज कंपनी अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड (UltraTech Cement Ltd) ने 851 करोड़ रुपये में स्टार सीमेंट लिमिटेड (Star Cement Ltd) में 8.69 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने की घोषणा की है। इस सौदे में करों और अन्य लेवी को छोड़कर, 235 रुपये प्रति शेयर से अधिक कीमत पर 3.7 करोड़ इक्विटी शेयरों की खरीद शामिल है। स्टार सीमेंट के प्रमोटरों और प्रमोटर समूह की संस्थाओं ने अपनी इक्विटी होल्डिंग्स बेचने का प्रस्ताव रखा। इसमें अल्ट्राटेक सीमेंट्स ने निवेश का निर्णय लिया। 27 दिसंबर को अल्ट्राटेक सीमेंट्स बोर्ड की बैठक में लेनदेन को मंजूरी दे दी गई। इस कदम को कंपनी में नॉन-कंट्रोलिंग माइनॉरिटी स्टेक में अल्ट्राटेक के रणनीतिक निवेश के रूप में देखा जा रहा है।
इसके अलावा, स्टार सीमेंट में 3.36 करोड़ शेयरों या 766 करोड़ रुपये की 8.3 प्रतिशत इक्विटी के साथ एक ब्लॉक डील विंडो में लेन-देन हुआ। इसके परिणामस्वरूप, सुबह 9.20 बजे के कारोबार में स्टार सीमेंट के शेयर सात प्रतिशत से अधिक उछलकर 247.30 रुपये पर पहुंच गए।
20 दिसंबर को मिली ICL के अधिग्रहण को मंजूरी
इस महीने की शुरुआत में, 20 दिसंबर को, भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (Competition Commission of India) ने कहा कि उसने अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड द्वारा इंडिया सीमेंट्स लिमिटेड (India Cements Limited (ICL) के अधिग्रहण को मंजूरी दे दी है।
इस साल की शुरुआत में जुलाई में, अल्ट्राटेक सीमेंट ने अत्यधिक प्रतिस्पर्धी और तेजी से बढ़ते दक्षिणी सीमेंट बाजार, विशेषकर तमिलनाडु में अपनी दखल बढ़ाने के लिए 3,954 करोड़ रुपये के सौदे में प्रमोटरों और उनके सहयोगियों से इंडिया सीमेंट्स में 32.72 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने की घोषणा की थी।
इसके अलावा, उसने कंपनी के शेयरधारकों से ICL की 26 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करने के लिए 3,142.35 करोड़ रुपये के ओपन ऑफर की भी घोषणा की थी।
भारतीय सीमेंट उद्योग, दो कॉर्पोरेट घरानों के बीच कंसोलिडेशन और बढ़ी हुई प्रतिद्वंद्विता को देख रहा है। ये घराने छोटे खिलाड़ियों को तोड़ रहे हैं। ये बिक्री में सुधार, हाई मार्जिन और मांग में तेजी के लिए साल 2025 से अपनी उम्मीद लगाए हुए हैं। सरकार की मदद से लगभग 8 प्रतिशत बिक्री बढ़ने की उम्मीद है। सरकारी द्वारा बड़ी बुनियादी ढांचागत परियोजनाओं पर खर्च किया जा सकता है।
अल्ट्राटेक सीमेंट CLSA का पसंदीदा सीमेंट स्टॉक
कमजोर अक्टूबर के बाद नवंबर के दौरान सीमेंट में धीरे-धीरे वॉल्यूम रिकवरी हुई। विदेशी ब्रोकरेज सीएलएसए ने कहा कि वह 2HFY25 और FY26 में मांग में उछाल को लेकर सकारात्मक बना हुआ है। सीमेंट कंपनियों में उसे अल्ट्राटेक सीमेंट पसंद है।
शुक्रवार 27 दिसंबर को बाजार बंद होने के समय अल्ट्राटेक सीमेंट का स्टॉक 0.47 प्रतिशत या 54.10 रुपये गिर कर 11406.55 रुपये पर बंद हुआ। जबकि स्टार सीमेंट का स्टॉक 0.95 प्रतिशत या 2.18 रुपये बढ़कर 232.18 रुपये पर बंद हुआ।
डिस्क्लेमर: (यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।)