Union Bank of India Q4 Result: कमजोर मार्केट सेंटिमेंट में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के शेयरों को मार्च तिमाही के कमजोर नतीजे ने तगड़ा शॉक दिया। आधे दिन तो यूनियन बैंक के शेयरों में दबाव हल्का दिख रहा था और यह कमजोर माहौल से काफी हद तक बचा रहा लेकिन जब बैंक के कारोबारी नतीजे में सामने आया कि इसकी कोर इनकम में गिरावट आई है और मार्च 2026 तिमाही में प्रोविजंस रॉकेट की स्पीड से बढ़ा है तो शेयरों को शॉक लग गया और यह 7% से अधिक टूट गया। आज बीएसई पर यह 7.37% की गिरावट के साथ ₹179.70 पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में तो यह 8.53% फिसलकर ₹177.45 (Union Bank of India Share Price) तक आ गया था।
Union Bank of India Q4 Result: खास बातें
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया को पिछले वित्त वर्ष 2026 की आखिरी तिमाही में झटका लगा और इसका NII (नेट इंटेरेस्ट इनकम) यानी कोर इनकम सालाना आधार पर 1.1% गिरकर ₹9,406 करोड़ पर आ गया। हालांकि इस दौरान बैंक का शुद्ध मुनाफा 6.6% उछलकर ₹5,316 करोड़ पर पहुंच गया। बैंक के प्रोविजन्स में मार्च तिमाही में तेज उछाल दिखा जोकि सालाना आधार पर ₹322 करोड़ से रॉकेट की स्पीड से बढ़कर ₹1,055 करोड़ पर पहुंच गया। हालांकि तिमाही आधार पर बैंक की एसेट क्वालिटी में सुधार दिखा और ग्रास एनपीए सुधरकर 3.06% से 2.82% पर आ गया तो नेट एनपीए भी 0.51% से बेहतर होकर 0.48% पर आ गया। कारोबारी नतीजे के साथ-साथ बैंक ने डिविडेंड का भी ऐलान किया है। बोर्ड ने ₹10 की फेस वैल्यू वाले हर शेयर पर वित्त वर्ष 2026 के लिए ₹5 के डिविडेंड को मंजूरी दी है।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल?
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने निवेशकों की ताबड़तोड़ कमाई कराई है। पिछले साल 9 मई 2025 को बीएसई पर यह ₹112.70 के भाव पर था जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इस निचले स्तर से 9 ही महीने में 82.30% उछलकर 27 फरवरी 2026 को ₹205.45 पर पहुंच गया जोकि इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।