UPL Shares: एग्रोकेमिकल और इंडस्ट्रियल केमिकल बनाने वाली यूपीएल के शेयर इस साल 31 फीसदी ऊपर चढ़ चुके हैं और यह निफ्टी 500 इंडेक्स पर सबसे अच्छा परफॉरमेंस करने वाले स्टॉक्स में शुमार है। अब तक की तेजी के हिसाब से यह तिमाही यूपीएल के शेयरों के लिए चार साल में सबसे बेहतर साबित हुआ है। हालांकि अभी इस तिमाही में दो कारोबारी दिन 27 मार्च और 28 मार्च बाकी हैं। इससे पहले यूपीएल के शेयर जनवरी-मार्च 2021 यानी कि चार साल पहले 37 फीसदी मजबूत हुए थे। आज की बात करें तो बीएसई पर यह 0.28 फीसदी की गिरावट के साथ 651.00 रुपये पर बंद हुआ है।
मैनेजमेंट के भरोसे पर UPL के शेयर बने हैं रॉकेट
यूपीएल के शेयर पिछले साल 13 नवबंर 2024 को 483.91 रुपये के निचले स्तर पर थे लेकिन सितंबर तिमाही में फिर से घाटे के बावजूद मैनेजमेंट ने वित्त वर्ष 2025 के गाइडेंस में कोई बदलाव नहीं किया तो शेयर रिकवर होने लगे। यूपीएल के मैनेजमेंट ने ऑपरेटिंग प्रॉफिट के 50 फीसदी और रेवेन्यू के 4-8 फीसदी की रफ्तार से बढ़ने का अनुमान लगाया है। कुछ दिनों पहले 21 मार्च 2025 को यह एक साल के रिकॉर्ड हाई 671.00 रुपये पर पहुंचा था। इस हाई पर पहुंचने के लिए 28 मार्च 2024 को एक साल के रिकॉर्ड निचले स्तर 433.66 रुपये से इसमें करीब 55 फीसदी की रिकवरी हुई थी। 8 जून 2021 को यह 864.75 रुपये के रिकॉर्ड हाई पर पहुंचा था।
क्या है ब्रोकरेज का रुझान?
चार्ट पर यूपीएल के शेयर सभी अहम मूविंग एवरेजेज से ऊपर है। ब्रोकरेज फर्म इंवेस्टेक ने यूपीएल की रेटिंग को पिछले ही महीने सेल से अपग्रेड कर बाय किया था और टारगेट प्राइस भी 450 रुपये से बढ़ाकर 700 रुपये कर दिया था। ब्रोकरेज के मुताबिक वैश्विक स्तर पर मांग में रिकवरी और ऑपरेशनल एफिशिएंसी के दम पर कंपनी ग्रोथ के लक्ष्य हासिल कर लेगी। 15 मार्च की अपनी रिपोर्ट में इनक्रेड ने भी यूपीएल का टारगेट प्राइस 754 रुपये से बढ़ाकर 1289 रुपये कर दिया है लेकिन ऐड रेटिंग में कोई बदलाव नहीं किया है। इनक्रेड का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2025-27 के बीच कंपनी का रेवेन्यू सालाना 11 फीसदी की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़ेगा। इसे कवर करने वाले 24 एनालिस्ट्स में से 16 ने इसे खरीदारी, सात ने होल्ड और एक ने सेल रेटिंग दी है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।