Urban Company Shares: 5% की गिरावट, शेयरों का लॉक-इन खत्म होने और एक ब्लॉक डील पर चली बिकवाली की आंधी

Urban Company Shares: करीब छह महीने पहले लिस्ट हुई अर्बन कंपनी के शेयरों में आज बिकवाली की ऐसी आंधी आई कि यह 5% से अधिक टूट गया। यह बिकवाली शेयरहोल्डर लॉक-इन समाप्त होने और करोड़ों की एक ब्लॉक डील के चलते आई। जानिए कितने शेयरों का लॉक-इन खत्म हुआ और ब्लॉक डील में कितने शेयरों का लेन-देन हुआ

अपडेटेड Mar 17, 2026 पर 3:56 PM
Story continues below Advertisement
नुवामा अल्टरनेटिव एंड क्वांटिटेटिव रिसर्च के मुताबिक Urban Company के 94.09 करोड़ शेयरों का आज छह महीने के लॉक-इन खत्म हुआ है।

Urban Company Shares: होम और ब्यूटी सर्विसेज मुहैया कराने वाली ऑनलाइन मार्केटप्लेस अर्बन कंपनी के शेयर आज शुरुआती हल्की-फुल्की उठा-पटक के बाद धड़ाम हो गए। शेयरहोल्डर लॉक-इन समाप्त होने और एक बड़ी ब्लॉक डील ने इसके शेयरों पर ऐसी तगड़ी स्ट्राइक की, शेयर 5% से अधिक टूट गए। बिकवाली का दबाव इतना तेज रहा कि निचले स्तर पर खरीदारी के बावजूद यह अधिक संभल नहीं पाया। आज बीएसई पर यह 3.09% की गिरावट के साथ ₹109.85 पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 5.38% टूटकर ₹107.30 के भाव (Urban Company Share Price) तक आ गया था। इस गिरावट के साथ आईपीओ निवेशकों का मुनाफा अब बहुत कम रह गया है। इसके ₹103 के शेयर पिछले साल सितंबर 2025 में लिस्ट हुए थे।

कितने शेयरों का लॉक-इन खत्म और कितने शेयरों की हुई ब्लॉक डील?

नुवामा अल्टरनेटिव एंड क्वांटिटेटिव रिसर्च के मुताबिक ऑनलाइन मार्केटप्लेस अर्बन कंपनी के 94.09 करोड़ शेयरों का आज छह महीने के लॉक-इन खत्म हुआ है। ये शेयर कंपनी की 66% आउटस्टैंडिंग इक्विटी होल्डिंग के बराबर है। हालांकि ध्यान दें कि शेयरहोल्डर लॉक-इन समाप्त होने का मतलब ये नहीं है कि सभी शेयरों की ओपन मार्केट में बिक्री ही होने वाली है बल्कि इसका मतलब ये है कि इन शेयरों का अब लेन-देन किया जा सकेगा यानी कि शेयरहोल्डर मुनाफा बुक कर सकते हैं। सिर्फ यही नहीं, शेयरहोल्डर लॉक-इन खत्म होने के अलावा एक बड़ी ब्लॉक डील ने इस पर दबाव बनाया। अर्बन कंपनी के ₹385.17 करोड़ के करीब 3.5 करोड़ शेयरों की ब्लॉक डील ने इसे झटका दिया।


अब तक कैसा रहा Urban Company के शेयरों का सफर?

अर्बन कंपनी के ₹1,900.24 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 10-12 सितंबर तक खुला था। इसके ₹103.00 के भाव पर जारी शेयर पिछले साल 17 सितंबर को घरेलू मार्केट में करीब 57% प्रीमियम पर लिस्ट हुए थे। लिस्टिंग के कुछ ही दिनों बाद उछलकर यह 22 सितंबर 2025 को ₹201.00 के रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया यानी कि आईपीओ निवेशक 95% से अधिक मुनाफे में पहुंच गए।

हालांकि अर्बन कंपनी के आईपीओ निवेशकों को तगड़ा शॉक तब लगा, जब शेयरों की तेजी थम गई और कुछ ही महीने बाद यह आईपीओ प्राइस के भी नीचे आ गया। रिकॉर्ड हाई से यह 6 ही महीने में 52.06% टूटकर इस महीने की शुरुआत में 2 मार्च 2026 को ₹96.35 के भाव पर आ गया जो इसके शेयरों के लिए रिकॉर्ड निचला स्तर है। इसके आईपीओ को निवेशकों का शानदार रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 108.98 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इस आईपीओ के तहत नए शेयर जारी हुए थे और ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत भी शेयरों की बिक्री हुई थी।

Urban Company IPO Listing: 57% का लिस्टिंग गेन, ₹103 के शेयर ने एंट्री पर मचाया धमाल

OMC Stocks: Indian Oil और HPCL-BPCL को एक और झटका, कोटक ने घटाया टारगेट प्राइस तो शेयर धड़ाम

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।