होम सर्विसेज देने वाली अर्बन कंपनी आज, 16 अक्टूबर को जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही के वित्तीय नतीजे जारी करने वाली है। कंपनी के बोर्ड की मीटिंग में इन्हें मंजूरी दी जाएगी। उसके बाद इन्हें रिलीज किया जाएगा। नतीजे सामने आने से पहले कंपनी के शेयर में तेजी है। BSE पर शेयर दिन में पिछले बंद भाव से 3.5 प्रतिशत तक चढ़कर 159.70 रुपये के हाई तक गया। बाद में 2 प्रतिशत बढ़त के साथ 157.50 रुपये पर बंद हुआ। कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 24200 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है।
अर्बन कंपनी भारत, UAE, सिंगापुर और सऊदी अरब में एक मल्टी कैटेगरी होम सर्विस प्लेटफॉर्म के तौर पर काम करती है। इसके प्लेटफॉर्म पर क्लीनिंग, प्लंबिंग, इलेक्ट्रिक वर्क, अप्लायंसेज रिपेयर, ब्यूटी ट्रीटमेंट और मसाज थेरेपी जैसी सर्विसेज मिलती हैं। इसका InstaHelp वर्टिकल बुकिंग के 10-15 मिनट के अंदर सफाई, बर्तन धोने, कपड़े धोने और खाना बनाने के लिए लोग मुहैया कराने जैसी सर्विसेज देता है।
कंपनी का बोर्ड फंड जुटाने के प्रस्ताव पर भी विचार करेगा। फंड इक्विटी शेयरों को जारी कर या इक्विटी शेयरों में कनवर्ट हो सकने वाली सिक्योरिटीज (जैसे वॉरंट), फुली कनवर्टिबल डिबेंचर आदि जारी करके जुटाने का प्लान है। फंड शेयरों या अन्य सिक्योरिटीज के प्रेफरेंशियल अलॉटमेंट या प्राइवेट प्लेसमेंट के जरिए एक या एक सो अधिक राउंड में जुटाया जा सकता है, जिसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट जैसा तरीका शामिल है।
Q1 में Urban Company को हुआ था ₹92 करोड़ का घाटा
अप्रैल-जून 2026 तिमाही में अर्बन कंपनी को कंसोलिडेटेड बेसिस पर 92.12 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। एक साल पहले समान तिमाही में कंपनी 6.94 करोड़ रुपये के मुनाफे में थी। तिमाही आधार पर कंपनी का घाट में कमी आई थी। जून 2026 तिमाही में ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 43.85 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 528.34 करोड़ रुपये रहा था। एक साल पहले समान तिमाही में रेवेन्यू 367.27 करोड़ रुपये रहा था।
सितंबर 2025 में हुई थी लिस्ट
अर्बन कंपनी 17 सितंबर 2025 को लिस्ट हुई थी। इसका IPO 1,900.24 करोड़ रुपये का था। कंपनी में सितंबर 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 19.02 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। कंपनी का पुराना नाम अर्बनक्लैप टेक्नोलॉजीस था। शेयर 3 महीनों में लगभग 20 प्रतिशत मजबूत हुआ है। शेयर की फेस वैल्यू 1 रुपये है। यह BSE 500 इंडेक्स का हिस्सा है। BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 183.65 रुपये और एडजस्टेड लो 96.35 रुपये है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।