एंटरटेनमेंट, म्यूजिक और फिल्म प्रोडक्शन इंडस्ट्री की कंपनी टिप्स म्यूजिक के शेयरहोल्डर्स 16 अक्टूबर को जबरदस्त मुनाफे में हैं। वजह है शेयर में दिखा बंपर उछाल। दिन में BSE पर शेयर की कीमत पिछले बंद भाव से 8 प्रतिशत तक चढ़कर 736 रुपये के हाई तक गई। कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 9300 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है। कंपनी ने एक दिन पहले जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही और अप्रैल-सितंबर 2026 छमाही के नतीजे जारी किए थे।
तिमाही के दौरान कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर लगभग 23.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 65.74 करोड़ रुपये दर्ज किया गया, जो एक साल पहले 53.19 करोड़ रुपये था। ऑपरेशंस से रेवेन्यू लगभग 34.5 प्रतिशत बढ़कर 120 करोड़ रुपये हो गया। सितंबर 2025 तिमाही में रेवेन्यू 89.22 करोड़ रुपये था। सितंबर 2026 तिमाही में खर्च बढ़कर 36.47 करोड़ रुपये के रहे, जो एक साल पहले 22 करोड़ रुपये के थे।
टिप्स म्यूजिक, एक म्यूजिक रिकॉर्ड लेबल और फिल्म प्रोडक्शन, प्रमोशन और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी है। कंपनी का पुराना नाम टिप्स इंडस्ट्रीज लिमिटेड था। कंपनी की शुरुआत कुमार एस तौरानी और रमेश एस तौरानी ने की थी। टिप्स म्यूजिक ने सितंबर 2026 तिमाही के दौरान कुल 73 गाने रिलीज किए। इनमें से 40 फिल्मी और 33 नॉन-फिल्मी गाने थे।
FY27 की पहली छमाही में कैसा बिजनेस
अप्रैल-सितंबर 2026 छमाही के दौरान टिप्स म्यूजिक का ऑपरेशंस से रेवेन्यू 226.57 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले यह 177.29 करोड़ रुपये था। शुद्ध मुनाफा 109.44 करोड़ रुपये दर्ज किया गया, जो सितंबर 2025 छमाही में 99 करोड़ रुपये था। खर्च 90.51 करोड़ रुपये के रहे, जो सितंबर 2025 छमाही में 54.28 करोड़ रुपये के थे।
Tips Music देगी 6.5 रुपये का पहला अंतरिम डिविडेंड
टिप्स म्यूजिक के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2026-2027 के लिए 6.50 रुपये प्रति शेयर का पहला अंतरिम डिविडेंड मंजूर किया है। रिकॉर्ड डेट 22 अक्टूबर 2026 है। इस तारीख तक जिन लोगों के नाम शेयरों के लाभार्थी मालिकों के तौर पर रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी या डिपॉजिटरीज के रिकॉर्ड्स में दर्ज होंगे, वे डिविडेंड के हकदार होंगे। डिविडेंड का पेमेंट 12 नवंबर 2026 को या उससे पहले कर दिया जाएगा। कंपनी के शेयर की फेस वैल्यू 1 रुपये है।
शेयर 6 महीनों में 30 प्रतिशत चढ़ा
टिप्स म्यूजिक का शेयर 6 महीनों में करीब 30 प्रतिशत चढ़ा है। एक साल में कीमत लगभग 40 प्रतिशत उछली है। 3 साल में शेयर 130 प्रतिशत, 5 साल में 475 प्रतिशत और 10 साल में 11000 प्रतिशत की तेजी देख चुका है। शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 740.50 रुपये और एडजस्टेड लो 482.75 रुपये है। शेयर BSE 1000 इंडेक्स का हिस्सा है। कंपनी में सितंबर 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 64.32 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।