Fed Policy Meet: US के केंद्रीय बैंक ने फिर नहीं घटाई ब्याज दर, लगातार तीसरी बार छोड़ा स्थिर

Fed Policy Meet: दिसंबर 2025 की मीटिंग में फेड ने लगातार तीसरी बार रेट कट किया था। ओवरनाइट लेंडिंग रेट में 0.25 प्रतिशत की कटौती की गई थी। जेरोम पॉवेल का फेडरल रिजर्व के चेयरमैन के तौर पर कार्यकाल आधिकारिक रूप से इस साल मई में खत्म हो रहा है

अपडेटेड Apr 30, 2026 पर 8:24 AM
अमेरिका में बेंचमार्क ब्याज दरें 3.50-3.75% की रेंज में हैं।

अमेरिका के केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व ने अप्रैल महीने की मीटिंग में ब्याज दरों में कोई बदलाव न करते हुए इन्हें स्थिर रखा है। इसके पीछे महंगाई बढ़ने की चिंताएं हैं। यह लगातार तीसरी बार है, जब फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (FOMC) की मीटिंग में बेंचमार्क ओवरनाइट इंट्रेस्ट रेट को जस का तस छोड़ा गया है। इससे पहले जनवरी और मार्च की मीटिंग में भी बेंचमार्क ब्याज दरों में कोई बदलाव न करते हुए इन्हें 3.50-3.75% की रेंज में स्थिर रखा गया था।

दिसंबर 2025 की मीटिंग में फेड ने लगातार तीसरी बार रेट कट किया था। ओवरनाइट लेंडिंग रेट में 0.25 प्रतिशत की कटौती की गई थी, जिसके बाद ब्याज दर 3.50%-3.75% प्रतिशत के दायरे में आ गई। इससे पहले अक्टूबर और सितंबर की मीटिंग में भी ओवरनाइट बॉरोइंग रेट में 0.25-0.25 प्रतिशत की कटौती की गई थी।

जेरोम पॉवेल की गवर्नर के पद पर बने रहने की मंशा


यह जेरोम  पॉवेल के फेड का चेयरमैन रहते हुए FOMC की आखिरी मीटिंग हो सकती है। उनका कार्यकाल आधिकारिक तौर पर इस साल मई में खत्म हो रहा है। लेकिन उन्होंने कहा है कि जब तक फेड पर कानूनी खतरे बने रहेंगे, वह गवर्नर के पद पर बने रहेंगे। मेंबर के तौर पर उनका कार्यकाल जनवरी 2028 में खत्म होगा। वह चाहते हैं कि अमेरिका के ट्रंप प्रशासन के हमलों से फेडरल रिजर्व की आजादी की रक्षा कर सकें। रॉयटर्स के मुताबिक, पॉलिसी मीटिंग खत्म होने के बाद पॉवेल ने कहा कि वह एक गवर्नर के तौर पर लो प्रोफाइल बनाए रखेंगे। अपने उत्तराधिकारी केविन वॉर्श के सामने एक बाधा डालने वाले हाई-प्रोफाइल विरोधी के तौर पर काम करने का उनका कोई इरादा नहीं है।

केविन वॉर्श को पॉवेल के बाद फेड का नेतृत्व करने के लिए नॉमिनेट किया गया है। बुधवार को सीनेट बैंकिंग कमेटी ने उनके नामांकन को मंजूरी दे दी थी, और पूरे सीनेट द्वारा दो हफ्तों के अंदर ही इसकी पुष्टि की जा सकती है।

Stocks to Watch: Bajaj Finance, L&T और Vedanta समेत इन शेयरों पर रहेगी नजर; Sensex की एक्सपायरी पर होगा धमाल!

अमेरिकी बाजार में गिरावट

फेडरल रिजर्व की मीटिंग के फैसलों के बाद अमेरिकी शेयर बाजारों में गिरावट आई। S&P 500 0.4 प्रतिशत, डाउ जोन्स 0.8 प्रतिशत और नैस्डेक कंपोजिट 0.4 प्रतिशत नीचे रहा। अमेरिका में 10-वर्षीय बॉन्ड्स पर यील्ड 6 बेसिस पॉइंट्स बढ़कर 4.41 प्रतिशत हो गई। डॉलर इंडेक्स 0.4 प्रतिशत बढ़कर 98.95 पर पहुंच गया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।