Vedant Poly Fabs IPO Listing: लिस्ट होते ही लोअर सर्किट, दूध-तेल का प्लास्टिक पाउच बनाने वाली कंपनी की लाल शुरुआत

Vedant Poly Fabs IPO Listing: वेदांत पॉली फैब्स दूसरी कंपनियों के लिए प्लास्टिक के पैकेजिंग मैटेरियल्स बनाती है। अब इसके शेयर लिस्ट हुए हैं। इसके आईपीओ के तहत नए शेयर जारी हुए हैं और ऑफर फॉर सेल के तहत भी शेयरों की बिक्री हुई है। नई खरीदारी से पहले चेक करें कंपनी की कारोबारी सेहत कैसी है और आईपीओ के जरिए जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल कंपनी कैसे करेगी

अपडेटेड Nov 09, 2026 पर 10:04 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Vedant Poly Fabs IPO Listing: वेदांत पॉली फैब्स का ₹56.68 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 2-4 नवंबर तक खुला था। आज इसके शेयरों की लिस्टिंग हुई है।

Vedant Poly Fabs IPO Listing: दूध-तेल के लिए प्लास्टिक के पाउच बनाने वाली वेदांत पॉली फैब्स के शेयरों की आज एनएसई पर फ्लैट एंट्री हुई। इसके आईपीओ को ओवरऑल 1.90 गुना बोली मिली थी। आईपीओ के तहत ₹94 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज NSE SME पर इसकी ₹94.00 पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को लिस्टिंग पर न मुनाफा हुआ और न ही घाटा। आईपीओ निवेशकों को और झटका तब लगा, जब शेयर फिसल गए। टूटकर यह ₹89.30 (Vedant Poly Fabs Share Price) के लोअर सर्किट पर आ गया यानी कि आईपीओ निवेशक अब 5% घाटे में हैं।

Vedant Poly Fabs IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च

वेदांत पॉली फैब्स का ₹56.68 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 2-4 नवंबर तक खुला था। यह आईपीओ ओवरऑल 1.90 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 1.00 गुना (एक्स-एंकर), नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 1.38 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 2.26 गुना भरा था।


इस आईपीओ के तहत ₹51.14 करोड़ के नए शेयर जारी हुए हैं। इसके अलावा ₹10 की फेस वैल्यू वाले ₹5.67 करोड़ के 6,03,600 शेयर ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत बिके हैं। ऑफर फॉर सेल का पैसा तो शेयर बेचने वाले शेयरहोल्डर्स को मिला है। वहीं नए शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹24.61 करोड़ वर्किंग कैपिटल की बढ़ी हुई जरूरतों, ₹8.00 करोड़ कर्ज हल्का करने, ₹6.51 करोड़ प्लांट और मशीनरी की खरीदारी और इंस्टॉलेशन, ₹7.53 करोड़ आम कॉरपोरेट उद्देश्यों और ₹4.36 करोड़ आईपीओ से जुड़े एक्सपेंसेज पर खर्च होंगे।

Vedant Poly Fabs के बारे में

वेदांत पॉली फैब्स दूसरी कंपनियों के लिए प्लास्टिक के पैकेजिंग मैटेरियल्स बनाती है। इसका कारोबार मुख्य रूप से B2B (Business to Business) है। यह 3-डी लेयर और 5-लेयर की एलडी फिल्म्स, श्रिंक फिल्म, बैरियर फिल्म्स, प्रिंटेड लेमिनेट्स, और दूध-तेल के पाउच बनाती है। कंपनी कच्चे माल से लेकर तैयार पैकेजिंग तक कई काम खुद करती है।

कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हो रही है। वित्त वर्ष 2024-26 में इसका शुद्ध मुनाफा सालाना करीब 167% की रफ्तार यानी CAGR से बढ़कर ₹4.56 करोड़ और टोटल इनकम 52% से अधिक के सीएजीआर से ₹115.31 करोड़ पर पहुंच गया। चालू वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही अप्रैल-जून 2026 में कंपनी को ₹3.48 करोड़ का शुद्ध मुनाफा और ₹30.49 करोड़ का टोटल इनकम हासिल हुआ था। जून 2026 तिमाही के आखिरी में कंपनी पर ₹44.81 करोड़ का टोटल कर्ज था जबकि रिजर्व और सरप्लस में ₹30.88 करोड़ पड़े थे।

Hindustan Coca-Cola Holdings ने IPO के लिए जमा किया ड्राफ्ट, रहेगा केवल OFS

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।