Vedanta boiler blast news: दिग्गज माइनिंग कंपनी Vedanta Ltd के पावर प्लांट में मंगलवार (14 अप्रैल) को बड़ा हादसा हो गया। यह पावर छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के सिंहितराई इलाके में है। इसमें बॉयलर फटने से कम से कम 9 मजदूरों की मौत हो गई। कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए रायगढ़ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वेदांता ने हादसे पर क्या कहा?
वेदांता के प्रवक्ता के मुताबिक, '14 अप्रैल 2026 की दोपहर सिंहितराई प्लांट के एक बॉयलर यूनिट में यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई। इसमें हमारे सब-कॉन्ट्रैक्टर NGSL के कर्मचारी शामिल थे, जो इस यूनिट का संचालन और रखरखाव करते हैं।'
कंपनी ने कहा कि फिलहाल उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता घायलों को बेहतर इलाज और हर जरूरी मेडिकल सहायता देना है। इसके लिए कंपनी मेडिकल टीम और स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार समन्वय कर रही है।
जांच शुरू, परिवारों के प्रति संवेदना
Vedanta ने बताया कि घटना की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है। संबंधित अधिकारियों और पार्टनर्स के साथ मिलकर जांच शुरू कर दी गई है। कंपनी ने इस हादसे में प्रभावित लोगों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना भी जताई है।
Vedanta Ltd का शेयर पिछले कारोबारी सत्र में BSE पर 0.99% की बढ़त के साथ ₹752.50 पर बंद हुआ था। पिछले 6 महीने में स्टॉक 56.68% चढ़ा है। वहीं, 1 साल में इसने 90% रिटर्न दिया है। पिछले 5 साल में इसने 224.48% का मल्टीबैगर रिटर्न दिया है। कंपनी का मार्केट कैप 2.80 लाख करोड़ रुपये है।
वेदांता का बिजनेस क्या है
अनिल अग्रवाल के मालिकाना हक वाली Vedanta Ltd डायवर्सिफाइड नेचुरल रिसोर्सेज कंपनी है। इसका बिजनेस माइनिंग और मेटल्स से लेकर ऑयल एंड गैस तक फैला हुआ है। कंपनी जिंक, एल्युमिनियम, कॉपर, आयरन ओर जैसे मेटल्स का उत्पादन करती है। साथ ही क्रूड ऑयल और गैस के एक्सप्लोरेशन में भी शामिल है।
वेदांता पावर जनरेशन और सेमीकंडक्टर जैसे नए सेक्टर्स में भी कंपनी अपनी मौजूदगी बढ़ा रही है। इससे यह भारत की बड़ी रिसोर्स-बेस्ड कंपनियों में गिनी जाती है।