अनिल अग्रवाल के मालिकाना हक वाली माइनिंग कंपनी वेदांता लिमिटेड के शेयर गुरुवार, 30 अप्रैल से डीमर्जर के हिसाब से एडजस्ट होकर ट्रेड करने लगे हैं। स्टॉक की ट्रेडिंग BSE पर ₹290.50 और NSE पर ₹289.50 के एडजस्टेड प्राइस पर शुरू हुई। इसके बाद शेयर BSE और NSE पर ₹268.70 के लो तक गया। बाद में BSE पर एडजस्टेड प्राइस से 6.5 प्रतिशत गिरावट के साथ ₹271.60 और NSE पर 5.70 प्रतिशत गिरावट के साथ ₹273 पर बंद हुआ। यह क्लोजिंग प्राइस पिछली क्लोजिंग से लगभग 65 प्रतिशत कम है।
शेयर की एडजस्टेड कीमत का पता लगाने के लिए NSE और BSE पर एक स्पेशल प्री-ओपनिंग सेशन हुआ। कंपनी ने डीमर्जर के लिए शुक्रवार, 1 मई को रिकॉर्ड डेट तय किया है। वेदांता लिमिटेड अपने डीमर्जर प्लान के तहत 5 कंपनियों में बंटने वाली है। इसमें से निकलने वाली अन्य 4 कंपनियों को भी शेयर बाजार में लिस्ट कराया जाएगा। रिकॉर्ड डेट तक जिन लोगों के नाम वेदांता के शेयरों के लाभार्थी मालिकों के तौर पर रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी या डिपॉजिटरीज के रिकॉर्ड्स में होंगे, वे डीमर्जर से निकलने वाली 4 और कंपनियों में शेयर पाने के हकदार होंगे।
क्या आज Vedanta शेयर खरीदने पर मिलेगा फायदा?
लेकिन अब वेदांता का शेयर खरीदने वाले इस एलिजिबिलिटी क्राइटेरिया में फिट नहीं होंगे। इसके लिए 29 अप्रैल 2026 तक शेयर खरीदने थे। डीमर्जर के बाद पात्र शेयरहोल्डर्स को नई कंपनियों में 1:1 के रेशियो में शेयर मिलेंगे। मतलब कि शेयरहोल्डर के पास वेदांता का अगर 1 शेयर है, तो नई निकलने वाली हर कंपनी में 1-1 शेयर मिलेगा।
डीमर्जर के बाद बेस मेटल कारोबार वेदांता लिमिटेड के तहत ही रहने वाला है। वेदांता एल्युमीनियम, तलवंडी साबो पावर, वेदांता स्टील एंड आयरन और माल्को एनर्जी बाकी की 4 कंपनियां होंगी। इन्हें अलग से लिस्ट कराया जाएगा।
आज वेदांता के शेयर में क्या-क्या हुआ?
सबसे पहले सुबह 9:15 AM से 9:45 AM तक एक स्पेशल प्राइस डिस्कवरी सेशन हुआ, जैसा कि हर उस कंपनी के साथ होता है जो डीमर्जर प्रक्रिया से गुजरती है। इस सेशन में जो प्राइस निकला, वह अब वेदांता का नया शेयर प्राइस है। स्टॉक में सामान्य ट्रेडिंग सुबह 10 AM से शुरू हुई। उस समय से, वेदांता लिमिटेड ने अपने एल्युमीनियम, पावर, ऑयल एंड गैस और आयरन एंड स्टील बिजनेस को छोड़कर ट्रेडिंग शुरू की।
लिस्टेड कंपनी में अब क्या बचा है?
अभी की कंसोलिडेटेड वेदांता लिमिटेड में अब हिंदुस्तान जिंक की 60.71% हिस्सेदारी, जिंक इंटरनेशनल और कॉपर बिजनेस शामिल होंगे। कॉपर बिजनेस पहले डीमर्जर प्लान का हिस्सा था, लेकिन इस प्लान को अभी रोक दिया गया है ताकि कंपनी का विस्तार हो सके और बाद में इस पर फिर से विचार किया जा सके।
ब्रोकरेज फर्म नुवामा ने डीमर्जर से पहले कंसोलिडेटेड वेदांता लिमिटेड की वैल्यूएशन 936 रुपये प्रति शेयर आंकी। इसमें से, डीमर्जर के बाद की वेदांता लिमिटेड की वैल्यूएशन 336 रुपये प्रति शेयर है, हिंदुस्तान जिंक में हिस्सेदारी की वैल्यूएशन 317 रुपये, जबकि बेस मेटल्स और अन्य बिजनेस की वैल्यूएशन 19 रुपये प्रति शेयर है। वेदांता के शेयर पर कवरेज रखने वाले ज्यादातर एनालिस्ट्स ने "बाय" रेटिंग बरकरार रखी है। वेदांता लिमिटेड का शेयर बुधवार को BSE पर लगभग 5 प्रतिशत बढ़त के साथ 773.25 रुपये पर सेटल हुआ था।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।