'मेरा भी पोर्टफोलियो गिरा है', दिग्गज निवेशक विजय केडिया ने बताया अब क्या करें निवेशक?
सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट के बीच दिग्गज निवेशक विजय केडिया ने अहम सलाह दी है। उन्होंने कहा कि मेरा पोर्टफोलियो भी गिरा है और बाजार में दिख रही गिरावट असली नुकसान नहीं है। जानिए केडिया ने निवेशकों को क्या सलाह दी है।
विजय केडिया के मुताबिक बाजार में उतार चढ़ाव हमेशा आते रहते हैं।
शेयर बाजार के लिए साल 2026 अब तक आसान नहीं रहा है। इस साल BSE Sensex और NSE Nifty दोनों ही करीब 11 प्रतिशत तक गिर चुके हैं। ऐसे में कई रिटेल इनवेस्टर अपने पोर्टफोलियो की वैल्यू घटती देखकर परेशान हैं। इसी बीच दिग्गज निवेशक विजय केडिया ने निवेशकों को धैर्य रखने और घबराने से बचने की सलाह दी है।
डिमैट स्टेटमेंट बाजार का, बैंक स्टेटमेंट आपका
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए विजय केडिया ने शेयर बाजार की एक अहम सच्चाई समझाई। उन्होंने लिखा, 'आपका डिमैट स्टेटमेंट बाजार का होता है, लेकिन आपका बैंक स्टेटमेंट आपका होता है।'
उनका मतलब यह था कि जब तक आप शेयर बेचते नहीं हैं, तब तक बाजार में दिखने वाला फायदा या नुकसान असल में सिर्फ कागज पर ही होता है।
केडिया ने कहा, 'जो बढ़त आपने पहले देखी थी वह पेपर प्रॉफिट थी और जो गिरावट अभी दिख रही है वह पेपर लॉस है। जब तक आप शेयर बेचते नहीं, तब तक कुछ भी असली नहीं होता।'
मेरा पोर्टफोलियो भी गिरा है
विजय केडिया ने यह भी स्वीकार किया कि मौजूदा गिरावट का असर उनके पोर्टफोलियो पर भी पड़ा है। उन्होंने कहा, 'हां, मेरा पोर्टफोलियो भी नीचे आया है।'
लेकिन उन्होंने निवेशकों को समझाया कि चिंता करने से बाजार वापस नहीं चढ़ेगा। इसके बजाय चिंता सिर्फ आपकी मानसिक शांति को प्रभावित करती है। उन्होंने कहा कि ज्यादा चिंता करने से आपका मूड खराब हो सकता है और इसका असर आपके परिवारिक जीवन पर भी पड़ सकता है।
बाजार धैर्य की परीक्षा लेता है
केडिया का कहना है कि शेयर बाजार में पैसा बनाना आसान नहीं होता। इसके लिए सबसे पहले निवेशक के धैर्य की परीक्षा होती है। उन्होंने कहा, 'हां, यह एक संकट जैसा लग सकता है, लेकिन यह एक तरह की ट्रेनिंग भी है।'
केडिया ने बताया कि अपने निवेश जीवन में उन्होंने ऐसे कई दौर देखे हैं। उस समय उन्हें भी चिंता होती थी, क्योंकि वे भी इंसान हैं। लेकिन धीरे धीरे उन्होंने इन परिस्थितियों के साथ जीना सीख लिया, बजाय हर गिरावट पर तुरंत प्रतिक्रिया देने के।
"Your Demat statement belongs to the market. Your bank statement belongs to you."
The rise you saw was a paper profit. The fall you see today is a paper loss. Nothing is real… until you sell. Yes, my portfolio is down too. And worrying won’t raise prices. It will only disturb… — Vijay Kedia (@VijayKedia1) March 26, 2026
हर गिरावट के बाद आता है नया बुल मार्केट
विजय केडिया के मुताबिक बाजार में उतार चढ़ाव हमेशा आते रहते हैं। लेकिन इतिहास बताता है कि हर गिरावट के बाद बाजार में नया तेजी का दौर भी आता है।
उन्होंने कहा कि जब भी बाजार का चक्र बदला है, उसके बाद एक नया बुल फेज आया है। उसने उनके पोर्टफोलियो को नए हाई लेवल तक पहुंचाया है।
ऐसे दौर आपको मजबूत बनाते हैं
केडिया के मुताबिक, बाजार की कठिन परिस्थितियां निवेशकों को तोड़ने के लिए नहीं आतीं, बल्कि उन्हें मजबूत बनाने के लिए आती हैं।
उन्होंने कहा, 'ऐसे हालात आपको तोड़ने के लिए नहीं आते, बल्कि आपको मजबूत बनाने के लिए आते हैं। यही अनुभव आपको लंबे समय के लिए एक बेहतर निवेशक बनाते हैं।'
केडिया की निवेशकों को सलाह
विजय केडिया के मुताबिक बाहरी घटनाएं बाजार में अनिश्चितता जरूर पैदा करती हैं, लेकिन डर असल में हमारे मन के भीतर पैदा होता है। उन्होंने निवेशकों को सलाह दी कि इस डर को समझें, उसे देखें और उसे संभालना सीखें।
अंत में केडिया ने निवेशकों को सलाह दी, 'धैर्य रखें, जागरूक रहें और जमीन से जुड़े रहें। आखिर में पैसा बाजार नहीं बनाता, बल्कि आपका स्वभाव और आपका धैर्य बनाता है।'
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।