War Impact on Your Budget:पश्चिम एशिया युद्ध से कैसे प्रभावित होगी आपकी कमाई और बचत? एक्सपर्ट से जानें संकट में कौन सी समझदारी आएगी काम

War Impact on Your Budget: पश्चिम एशिया में जारी अस्थिरता केवल हेडलाइन्स तक सीमित नहीं है, यह सीधे आपकी रसोई और बैंक बैलेंस तक पहुंच चुकी है। क्रूड ऑयल सिर्फ गाड़ियों का ईंधन नहीं, बल्कि आधुनिक जीवन का 'ब्लड' है। इसलिए आज पूरी दुनिया एनर्जी संकट से गुजर रही है

अपडेटेड Mar 31, 2026 पर 1:41 PM
Story continues below Advertisement
आपकी बचत पर जो ब्याज मिल रहा है उसमें से बड़ा हिस्सा महंगाई की भेंट चढ़ जाता है। महंगाई को काबू करने के लिए RBI ब्याज दरें बढ़ा सकता है।

War Impact on Your Budget: पश्चिम एशिया में जारी अस्थिरता केवल हेडलाइन्स तक सीमित नहीं है, यह सीधे आपकी रसोई और बैंक बैलेंस तक पहुंच चुकी है। क्रूड ऑयल सिर्फ गाड़ियों का ईंधन नहीं, बल्कि आधुनिक जीवन का 'ब्लड' है। इसलिए आज पूरी दुनिया एनर्जी संकट से गुजर रही है। यही नहीं , 6000 से ज्यादा प्रोडक्ट्स के रॉ मैटेरियल से लेकर पैकेजिंग तक में क्रूड का इस्तेमाल होता है। ये पूरा प्रोडक्शन चेन बाधाओं और अनिश्चितता के साये में चल रहा है। इसका असर प्रोडक्ट के दाम पर पड़ रहा है। प्रोडक्शन घटाया जा रहा है, रोजगार कम हो रहा है और कंपनियों के मुनाफे हवा हो गए हैं। वर्किंग कैपिटल का संकट शुरू हो सकता है।

बैंकों के कर्ज का भुगतान रुकने का खतरा दिख रहा है। फर्टिलाइजर का संकट सामने खड़ा है। सरकारों की इनकम घट सकती है? और खर्च बढ़ सकता है। इंटरनेशनल ट्रेड महंगा होता जा रहा है। इकोनॉमिक ग्रोथ के अनुमान घटाए जा रहे हैं।

क्या कहता है मार्च का इकोनॉमिक रिव्यू रिपोर्ट


वित्त मंत्रालय हर महीने इकोनॉमिक रिव्यू रिपोर्ट जारी करता है। मार्च 2026 की अपनी मंथली इकोनॉमिक रिव्यू रिपोर्ट में सरकार ने माना है कि पश्चिम एशिया युद्ध के चलते भारतीय अर्थव्यवस्था की रफ्तार अब धीमी पड़ गई है। देश के अंदर इनपुट कॉस्ट यानी प्रोडक्शन की लागत बढ़ गई है और आर्थिक गतिविधियों पर दबाव दिख रहा है।फरवरी तक स्थिति मजबूत थी, मार्च से बिगड़ने लगी। वेस्ट एशिया में तनाव बढ़ने से एनर्जी मार्केट और लॉजिस्टिक्स (माल ढुलाई) बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। जरूरी इनपुट्स की सप्लाई में देरी होने से मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर पर असर पड़ रहा है।

इकोनॉमिक रिव्यू रिपोर्ट में ई-वे बिल जनरेशन में आई कमी और फ्लैश PMI (परचेज मैनेजर इंडेक्स) के कमजोर आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा गया है कि ग्रोथ में सुस्ती दिख रही है, लेकिन व्हीकल रजिस्ट्रेशन और डिजिटल ट्रांजैक्शन के आंकड़े बता रहे हैं कि लोग खरीदारी कर रहे हैं, लेकिन ग्रामीण इलाकों में सेंटीमेंट थोड़ा कमजोर हुआ है। पिछले महीने फरवरी में रिटेल महंगाई बढ़कर 3.21% पर पहुंच गई थी। अगर वैश्विक स्तर पर एनर्जी की कीमतें ऊंचे स्तर पर बनी रहती हैं, तो आने वाले दिनों में महंगाई और बढ़ सकती है।

रुपये की गिरावट से कर्ज होगा मंहगा

साफ है कि मौजूदा माहौल में महंगाई का सामना करना होगा। यही नहीं रुपया भी कमजोर हो रहा है तो कमाई पर भी मार पड़ सकती है। कमाई और बचत की वैल्यू कम होगी और कर्ज भी महंगा होगा। असल में 'अदृश्य महंगाई' का जाल फैलना शुरू हो चुका है। कच्चा तेल 6,000 से ज्यादा उत्पादों का कच्चा माल है। यानी जब तेल महंगा होता है, तो सिर्फ पेट्रोल नहीं, बल्कि सब कुछ महंगा होता है। इसमें रोजमर्रा की चीजें शामिल हैं, जैसेकि साबुन, शैम्पू, कॉस्मेटिक्स, दवाइयां, कपड़े, पेंट, रबर और प्लास्टिक पैकेजिंग वाले सारे सामान। कहने का मतलब है कि चौतरफा महंगाई बढ़ सकती है। ये बताना मुश्किल है कि किस चीज की कीमतों पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

दूसरी तरफ फर्टिलाइजर (खाद) की कमी और महंगे ट्रांसपोर्टेशन की वजह से अनाज और सब्जियों के दाम बढ़ेंगे। डिलीवरी और ट्रेवल की लागत बढ़ने से ई-कॉमर्स डिलीवरी से लेकर हवाई यात्रा तक, हर सर्विस फ्यूल महंगाई के नाम पर आपकी जेब ढीली करेगी।

कमाई पर वार

दूसरी तरफ से कमाई पर संकट भी आ गया है। कंपनियों पर 'कॉस्ट कटिंग' की तलवार लटक रही है। जब कंपनियों का प्रोडक्शन खर्च बढ़ता है और मुनाफ़ा कम होता है, तो सबसे पहले असर कर्मचारी पर पड़ता है। इंक्रीमेंट और बोनस पर ब्रेक लगता है और नई नियुक्तियों पर रोक लग जाती है। प्रोडक्शन घटने का सीधा मतलब है कम मैनपावर की ज़रूरत। रोजगार के नए अवसर कम हो जाते हैं, जिससे 'जॉब मार्केट' ठंडा पड़ जाता है। बड़ी कंपनियां तो फिर भी मैनेज कर सकती है, लेकिन कच्चा माल महंगा होने से छोटे बिजनेस के मार्जिन खत्म हो जाते हैं, जिससे उनकी 'वर्किंग कैपिटल' पर दबाव बढ़ता है यानी छोटे कारोबारियों की कमाई पर आफत है। महंगाई की वजह से आपकी कमाई और बचत की वैल्यू घट जाती है।

आपकी बचत पर जो ब्याज मिल रहा है उसमें से बड़ा हिस्सा महंगाई की भेंट चढ़ जाता है। महंगाई को काबू करने के लिए RBI ब्याज दरें बढ़ा सकता है। इसका मतलब है आपकी होम लोन या कार लोन की EMI बढ़ जाएगी। वहीं ग्लोबल अनिश्चितता के कारण शेयर बाजार से लेकर कमोडिटी मार्केट तक में भारी उतार-चढ़ाव होता है, जिससे स्टॉक्स, म्यूचुअल फंड्स और दूसरे ऐसेट्स की वैल्यू खतरे में पड़ जाती है।

संकट में अपनाएं समझदारी

बाजार जानकारों का कहना है कि ऐसी स्थिति में अपने इमरजेंसी फंड को मजबूत करें। कोशिश करें कि कम से कम 6 महीने के खर्च का फंड अलग रखा जाए। गैर-जरूरी खर्च (Discretionary Spending) पर लगाम लगाएं। नई गैजेट्स या लग्जरी वेकेशन को फिलहाल टालना समझदारी हो सकती है।

कर्ज के जाल से बचना होगा। अनिश्चितता के दौर में नया लोन लेने से बचें, खासकर फ्लोटिंग इंटरेस्ट रेट वाले लोन। अपना एसेट एलोकेशन सोच समझ कर करें। अपने निवेश को सिर्फ एक जगह (जैसे सिर्फ गोल्ड या सिर्फ स्टॉक) न रखकर डायवर्सिफिकेशन लाएं।

(डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सार्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।