किसी ने भी जिसने क्रिप्टोकरेंसी में किसी भी तरह का निवेश किया है, वह जानता है कि क्रिप्टोकरेंसी का चार्ट रियल-टाइम में कितनी तेजी से लगातार बदलते रहता है। इस एसेट की विख्यात वोलैटिलिटी के कारण कीमतों में जो भारी उतार-चढ़ाव दिखता है, वह भले ही सांसे थमाने वाला हो, लेकिन अपेक्षाकृत कम ही लोग ऐसे हैं जो वास्तव में समझ पाते हैं कि क्रिप्टोकरेंसी चार्ट को कैसे पढ़ा जाए और उससे भी कम लोग इस बात को सच में समझ पाते हैं कि चार्ट के आधार पर कैसे काम किया जाए, या उनसे मिलने वाले संकेतों को कैसे मुनाफे में बदला जाए।
चार्ट क्या है?
जो लोग ट्रेडिंग में नए हैं, उनके लिए क्रिप्टो चार्ट लाइन और कैंडलस्टिक पैटर्न का एक ऐसा समूह हैं जो क्रिप्टोकरेंसी का ऐतिहासिक प्राइस परफॉर्मेंस दिखाते हैं। ये बाजार की परिस्थितियों में होने वाले बदलावों और भविष्य के रुझानों का अनुमान लगाने में आपकी मदद कर सकते हैं, जिससे आपको निवेश के बेहतर फैसले लेने में मदद मिल सके।
यह एक स्नैपशॉट है, सेकेंड से लेकर मिनट, दिन, हफ्ते, महीने और यहां तक कि साल और उससे भी ज्यादा समय के दौरान हुए ऐतिहासिक और मौजूदा प्राइस मूमेंट का। क्रिप्टो चार्ट अप्रशिक्षित आंखों के लिए काफी जटिल मालूम पड़ सकते हैं, इसलिए बेहतर यही होगा कि इसके मूलभूत सिद्धांतों को समझ लिया जाए।
क्रिप्टोकरेंसी चार्ट ट्रेडिंग पेयर, अवधि और ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म का संकेत करते हैं। अमूमन, चार्ट हर समयावधि में खुलने, बंद होने, उस दौरान छुए गये सबसे ऊंचे और सबसे नीचे के भाव की जानकारी देते हैं। चार्ट के सबसे नीचे और बगल में तारीख और कीमतों में होने वाली वृद्धि दर्शाई जाती है।

Source: Tradingview.
चार्ट के आधार पर, वॉल्यूम या मूविंग एवरेज जैसे टेक्निकल संकेत दिखने लग जाएंगे और हर ट्रेडिंग सत्र के खुलने और बंद होने के साथ आगे बढ़ेंगे।
जापानी कैंडलस्टिक चार्ट
जापानी कैंडलस्टिक चार्ट (नीचे की दूसरी तस्वीर में दाईं ओर दिखने वाला) लाइन चार्ट के बाद दूसरा सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला चार्ट है। विश्लेषक आमतौर पर जापानी कैंडलस्टिक को बेहतर मानते हैं क्योंकि इसमें कई अतिरिक्त आंकड़े भी दिखते हैं।
कैंडल आम तौर पर दो रंगों में दिखते हैं, लाल और हरा।
जब किसी कैंडल का रंग लाल होता है तो इसका मतलब होता है कि आलोच्य समयावधि में बंद होने का भाव खुलने के भाव से नीचे था। इसका मतलब उस समय के दौरान उस एसेट की कीमत में गिरावट आई।
जब कोई कैंडल हरा हो जाता है, तो इसका मतलब है कि उसके बंद होने का भाव खुलने की तुलना में ज्यादा था। नीचे की तस्वीर इसे प्रदर्शित कर रही है:

Source: Quadency

Source: Tradingview.
उदाहरण के लिए, हर कैंडल के खुलने, उच्चतम स्तर, निम्नतम स्तर और बंद होने से अतिरिक्त जानकारियां मिल सकती हैं। यदि कैंडल के दौरान भाव खुलने या बंद होने की सीमा से परे जाते हैं, तो एक शैडो या कैंडल “विक” रह जाता है।
इन कैंडलस्टिक के आकार, स्वरूप, अवधि और रंग तथा जो पैटर्न ये बनाते हैं, उनसे विश्लेषकों, खरीदारों और ट्रेडरों को भाव के भविष्य की चाल का अंदाजा मिल जाता है, जिससे उन्हें संभावना के आधार पर अपनी पोजीशन बदलने या नई पोजीशन लेने की सहूलियत मिल जाती है।
जापानी कैंडलस्टिक एक अकेले कैंडल से कई सारी सूचनाएं देने में समर्थ है। फिर भी, जब एक खास तरह के कैंडल विशेष क्रम में आते हैं, तब ये भविष्य में कीमतों की चाल के बारे में एक सटीक अनुमान दे सकते हैं।
इन्हें मोटे तौर पर दो श्रेणियों में बांटा जाता है:
1. बुलिश रिवर्सल पैटर्न
2. बियरिश रिवर्सल पैटर्न
कुछ सबसे महत्वपूर्ण और प्रभावशाली बुलिश रिवर्सल पैटर्न निम्नांकित हैं।
हैमर कैंडल पैटर्न
एक “बुलिश हैमर” ऐसा रिवर्सल पैटर्न होता है जो आम तौर पर गिरावट के रुझान में बॉटम पर बनता है। इसमें कैंडल का बॉडी हैमर के प्रहार वाले हिस्से को इंगित करता है, जबकि उनका लंबा बॉटम विक हैमर का हत्था दर्शाता है।
हरे रंग का हैमर लाल रंग के हैमर से ज्यादा प्रभावशाली होता है, लेकिन जैसा कि 2015 में बिटकॉइन के बॉटम के उदाहरण से दिखता है कि लाल रंग का हैमर भी अपनी तरह से शक्तिशाली संकेत हो सकता है। यह पैटर्न दिखाता है कि किस तरह बिकवालों ने पूरी ताकत से कीमत को नीचे धकेला, लेकिन खरीदारों ने भी उन्हें कड़ी टक्कर दी और आखिरकार उन्हें खरीदारी की ताकत से परास्त कर दिया। इस पैटर्न के वैध होने के लिए आवश्यक है कि इसके बाद तेजी का रुझान बने।

बुलिश एनगल्पफिंग कैंडल पैटर्न
एक बुलिश एनगल्फिंग कैंडल एक ऐसा रिवर्सल पैटर्न है जिसमें एक हरा कैंडल बॉडी पिछले दिन के कैंडल बॉडी को पूरी तरह निगल जाता है। इससे संकेत मिलता है कि बिकवाल थक गये हैं और खरीदार कहीं ज्यादा जोश से कूद पड़े हैं, जिसके कारण अब रुझान पलटने वाला है। उदाहरण के लिए, नीचे के चार्ट में बुलिश एनगल्फिंग आने वाली तेजी का एक संकेत है।

मॉर्निंग स्टार कैंडल पैटर्न
एक मॉर्निंग स्टार कैंडल तब बनता है जब पहले तो गिरावट के रुझान के बाद बॉटम पर एक दोजी का निर्माण होता है और फिर उसके बाद एक मजबूत तेजी का दौर शुरू हो जाता है। एक दोजी में कैंडल बॉडी या तो बहुत छोटा होता है या फिर नहीं होता है और छोटे विक्स या शैडो होते हैं। यह बिकवाली का मजबूत रुझान दर्शाता है, जिसमें धीरे-धीरे बिकवाल हिचकिचाने लगते हैं और फिर आखिरकार यह ट्रेंड पलट जाता है।

बियरिश रिवर्सल पैटर्न
हर तेजी के पैटर्न के बाद एक मंदी का पैटर्न भी होता है। इस तरह के पैटर्न पलटने से पहले किसी तेजी के बिलकुल शीर्ष पर उभरते हैं। कुछ सबसे आम लेकिन मजबूत बियरिश रिवर्सल पैटर्न निम्नांकित हैं।
शूटिंग स्टार कैंडल पैटर्न
शूटिंग स्टार कैंडल पैटर्न में एक कैंडल होता है, जिसमें ऊपर की ओर एक लंबा शैडो होता है। उसकी बॉडी छोटी होती है और नीचे या तो कोई शैडो नहीं होता या फिर छोटा शैडो होता है। यह तेजी के रुझान के शीर्ष पर उभरता है और उसके बाद बाजार की दिशा पलट जाती है।
यह कैंडल खरीदारों की ओर से लगाई गई पूरी ताकत दर्शाता है, जिसे जबर्दस्त प्रतिरोध का सामना करना पड़ता है और इसी कारण ऊपर की ओर एक लंबा शैडो छूटता है।

बियरिश एनगल्फिंग कैंडल पैटर्न
बियरिश एनगल्फिंग पैटर्न तब बनता है जब एक हरे बुलिश कैंडल बॉडी को अगला लाल कैंडल पूरी तरह निगल जाता है। यह मंदी के रिवर्सल का बहुत महत्वपूर्ण संकेत हो सकता है। उदाहरण के लिए, यह बिटकॉइन के पिछले तीन वर्षों की मंदी के दौर का संकेत था।

ईवनिंग स्टार कैंडल पैटर्न
ईवनिंग स्टार पैटर्न तेजी के रुझान के शीर्ष पर उभरता है और इसमें एक दोजी बनने के बाद अगला कैंडल तेज गिरावट का होता है।

टेक्निकल एनालिसिस का महत्व
क्रिप्टो चार्ट पर सरल या आधुनिक कैंडलस्टिक पैटर्न के अलावा, ट्रेडर अक्सर कैंडल के टॉप और बॉटम या सपोर्ट और रेजिस्टेंस से होते हुए ट्रेंड लाइन भी खींचते हैं। इन ट्रेंड लाइन से जो आकार और रुझान बनते हैं, उनके आधार पर आगे के भाव का अनुमान लगाया जाता है।
कुछ टेक्निकल इंडिकेटर और ऑसिलेटर ट्रेडरों को मोमेंटम, वोलैटिलिटी, वॉल्यूम और कई अन्य बातों जैसी बाजार की परिस्थितियों के बारे में विशेष जानकारियां देते हैं। ज्यादातर ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर, इंडिकेटर अमूमन चार्ट के नीचे दिए जाते हैं ताकि भाव दर्शाने वाले ग्राफ के साथ मिलाकर उन्हें देखा जा सके।
टेक्निकल एनालिसिस के लिए लोकप्रिय चार्ट पैटर्न
विभिन्न क्रिप्टो चार्ट पैटर्न पर ट्रेंडलाइन खींचकर ट्राइएंगल या वेजेज जैसे आकार उत्पन्न करना क्रिप्टो के भाव की चाल समझने के लिए काफी महत्वपूर्ण है।
अनेक बिंदुओं को स्पर्श करते हुए एक स्पष्ट ट्रेंड लाइन खींचने के बाद ट्रेंडलाइन के बाहर आने वाली क्लोजिंग प्राइस उस पैटर्न की पुष्टि करती है। चार्ट पैटर्न भविष्य में भाव की दिशा का अनुमान लगाने में मदद कर सकते हैं और क्रिप्टो ट्रेडिंग में टेक्निकल एनालिसिस का अनिवार्य हिस्सा हैं।
हेड एंड शोल्डर्स
हेड एंड शोल्डर्स पैटर्न ऐसे रिवर्सल पैटर्न हैं जो किसी भी रुझान के शीर्ष या सबसे निचले स्तर पर उभर सकते हैं। जब ये किसी रुझान के बॉटम पर उभरते हैं तो उन्हें इंवर्टेड हेड एंड शोल्डर्स के रूप में जाना जाता है।
ये रुझान स्पष्ट रूप से खरीदारों और बिकवालों के बीच धींगामुश्ती को दर्शाते हैं, जिसमें एक पक्ष आखिरकार दूसरे पर हावी हो जाता है, जिसका नतीजा एक बड़े धक्के या प्रतिरोध के रूप में सामने आता है।



ट्राइएंगल
ट्राइएंगल ऐसे पैटर्न होते हैं, जिनमें एक खास समयावधि के भीतर धीरे-धीरे भाव का उतार-चढ़ाव कम होता जाता है और आखिर में सबसे उच्चतम और न्यूनतम भावों को जोड़ते हुए ट्रेंडलाइन खींचने से एक ऐसे त्रिभुज का आकार बनता है जिसमें एक ट्रेंडलाइन या तो नीचे आती है या ऊपर जाती है।

वेजेज
वेजेज ऐसे रुझान प्रदर्शित करते हैं जिनका मोमेंटम धीरे-धीरे कम होता जा रहा है, और आखिर में पिछले ट्रेंड से उलट दिशा में ब्रेकआउट होता है। सुस्त चलते बाजारों में तब तक आगे-पीछे की चाल चलती रहती है, जब तक कि किसी एक दिशा में रुझान न बन जाए।

सपोर्ट और रेजिस्टेंस
क्रिप्टोकरेंसी प्राइस चार्ट को समझने के लिए सपोर्ट और रेजिस्टेंस के स्तर महत्वपूर्ण घटक होते हैं और वे टेक्निकल एनालिसिस के लिहाज से भी काफी उपयोगी घटक हैं। ये दोनों ही क्षैतिज, विकर्ण, बढ़ते, घटते या यहां तक कि मनोवैज्ञानिक स्तरों को दर्शा सकते हैं।
सपोर्ट
सपोर्ट लेवल एक्सचेंज पर वे क्षेत्र होते हैं जहां ज्यादातर ऐसे ऑर्डर मौजूद होते हैं जो खरीदारी में परिणत हो सकते हैं, जिसके कारण उस क्षेत्र में इतनी ताकत पैदा होती है, कि रिवर्सल शुरू हो जाता है।
सपोर्ट लेवल वो क्षेत्र होते हैं जहां पहले कई बार एक ही तरह का प्राइस एक्शन देखा गया होता है, जैसे पहले का प्रतिरोध यानि रेजिस्टेंस। सपोर्ट लेवल अक्सर जब कारगर नहीं होता है, तब निचले स्तरों पर सपोर्ट स्थापित हो जाता है, जैसा कि नीचे दिखाया गया है।

रेजिस्टेंस
सपोर्ट की ही तरह, रेजिस्टेंस कीमतों को नीचे की जगह ऊपर जाने से रोकता है (जैसा कि नीचे दिखा गया है)। बिकवाली के ऑर्डर रेजिस्टेंस बनाते हैं। जैसा कि ऊपर दिखाया गया है, रेजिस्टेंस (या सपोर्ट) को तोड़ने के बाद कीमतें कभी-कभी वापस पुराने रेजिस्टेंस को नए सपोर्ट क्षेत्र की तरह टेस्ट करने आती हैं। उसी तरह सपोर्ट लेवल टूटने की स्थिति में भी होता है।

टेक्निकल इंडिकेटर
टेक्निकल इंडिकेटर, टेक्निकल एनालिसिस के वे साधन होते हैं जिनका इस्तेमाल बाजार की गतिविधियों और भाव की सन्निहित चाल के बारे में अतिरिक्त आंकड़े जुटाने के लिए किया जाता है। उदाहरण के लिए, MACD मोमेंटम और ट्रेंड में बदलाव पर केंद्रित है, जबकि RSI ट्रेडरों को ओवरबॉट (अत्यधिक लिवाली) और ओवरसोल्ड (अत्यधिक बिकवाली) स्थितियों के बारे में सचेत करता है। जब दोनों को क्रिप्टो कैंडलस्टिक चार्ट और प्राइस पैटर्न के साथ मिलाकर इस्तेमाल किया जाता है, तो यह रणनीति अत्यंत लुभावनी हो सकती है।
मूविंग एवरेज कंवर्जेंस डाइवर्जेंस (MACD)
MACD इंडिकेटर, जो मूविंग एवरेज कंवर्जेंस डाइवर्जेंस का संक्षिप्त नाम है, अक्सर लैगिंग इंडिकेटर के रूप में देखा जाता है। MACD इंडिकेटर दो कंवर्जिंग और डायवर्जिंग मूविंग एवरेज का इस्तेमाल कर यह संकेत देता है कि कोई एसेट ओवरबॉट या ओवरसोल्ड स्थिति में तो नहीं पहुंच रहा है।
इसके साथ ही ये दो लाइनें मोमेंटम भी प्रदर्शित करती हैं, और उनके ऊपर या नीचे से गुजरने की स्थिति से यह पता चलता है कि यह ट्रेंड शिफ्ट कर गया है।

रिलेटिव स्ट्रेंथ इंडेक्स (RSI)
रिलेटिव स्ट्रेंथ इंडेक्स या RSI, ट्रेंड की मजबूती का संकेतक है जो यह भी बताता है कि कोई एसेट ओवरबॉट या ओवरसोल्ड स्थित में पहुंच गया है। क्रिप्टोकरेंसी जिस तरह अन्य एसेट के मुकाबले अलग तरह से व्यवहार करता है, उसी तरह इसका RSI भी अलग तरह से प्रतिक्रिया करता है।
RSI अक्सर यह संकेत कर देता है कि गिरावट आने वाली है। उदाहरण के लिए, यदि कोई एसेट लंबे समय तक ओवरबॉट स्थिति में रहता है तो यह एक संकेत है कि उसमें अब गिरावट आने वाली है। फिर भी, अकेले इस इंडिकेटर पर निर्भर नहीं रहा जा सकता। ट्रेडर के अगले कदम के लिए यह इंडिकेटर अधिकतर अन्य संकेतकों के साथ मिलाकर देखा जाता है।

बोलिंजर बैंड
बोलिंजर बैंड एक मूविंग एवरेज होते हैं, और इसके दो स्टैंडर्ड डेविएशन क्रिप्टो एसेट की वोलैटिलिटी का चार्ट बनाने के लिए किया जाता है।
मध्य-BB से होते हुए भाव का गुजरना खरीदारी या बिकवाली का एक मजबूत संकेत होता है। बैंड के बाहर बंद होना या तो “बैंड के आधार पर चाल” या फिर रिवर्सल का संकेत होता है। मध्य-BB ही वह स्तर था, जब २०१७ के बुल मार्केट के दौरान बिटकॉइन में गिरावट की शुरुआत हुई थी। इससे गिरावट के समय खरीदारी करने का संकेत मिल सकता है।
यदि भाव मध्य-BB से नीचे गिरते हैं, तो यह बिकवाली का माहौल गहराने का संकेत होता है।

फिबोनाकी रिट्रेसमेंट एंड एक्सटेंशन लेवल
फिबोनाकी रिट्रेसमेंट और एक्सटेंशन लेवल विशिष्ट गणितीय अनुपात है, जो फिबोनाकी क्रम से उत्पन्न होते हैं।
जिन लोकप्रिय रिट्रेसमेंट स्तरों पर नजर रखी जानी चाहिए, उनमें 0.६१८ या 0.५ और १.६१८, २.६१८ और फिबोनाकी एक्सटेंशन का इस्तेमाल करने पर उससे भी ऊपर के स्तर आते हैं, जिनका इस्तेमाल कर ट्रेडर यह अनुमान लगाने की कोशिश करते हैं कि यदि पुलबैक आता है तो, कीमतें किस स्तर तक जा सकती हैं। यद्यपि ये स्तर किस विधि से सपोर्ट और रेजिस्टेंस का काम करते हैं, यह तो पता नहीं है, लेकिन व्यवहार में ये स्तर अत्यंत शक्तिशाली संकेतक के रूप में काम करते हैं।

क्रिप्टोकरेंसी बाजार पूंजीकरण चार्ट
क्रिप्टोकरेंसी बाजार पूंजीकरण सभी डिजिटल एसेट ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म और वे जिन एसेट का प्रतिनिधित्व करते हैं, उन सबके जोड़ को कहते हैं। बिटकॉइन की चार्टिंग के अलावा यह क्रिप्टोकरेंसी की टेक्निकल एनालिसिस चार्ट का बादशाह है क्योंकि यह एक साथ पूरे क्रिप्टोकरेंसी मार्केट की भावनाओं (सेंटीमेंट) की तस्वीर पेश कर देता है।
बिटकॉइन के पास इस बाजार का अधिकतर हिस्सा है, जबकि इथेरियम भी बहुत पीछे नहीं है। बाजार पूंजीकरण के लिहाज से शीर्ष १० क्रिप्टोकरेंसी सबसे ज्यादा नामचीन और मूल्यवान क्रिप्टोकरेंसी हैं, भले ही उनकी रैंकिंग हमेशा बदलती रहती है।

निष्कर्ष
ऊपर चर्चा किए गये अवयवों को जब एक साथ इस्तेमाल किया जाता है, तब ट्रेडरों को लंबी अवधि में फायदा होता है। फिर भी, ट्रेडिंग कुल मिलाकर अनुशासन, धैर्य और जागरूकता का मिश्रण है। जहां ये संकेतक और पैटर्न आपको अपना निवेश बेहतर तरीके से नियोजित करने में मदद करेंगे, वहीं आपको लोकप्रिय क्रिप्टो एक्सचेंज वजीरएक्स जैसे एक सुरक्षित और सक्षम ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म का चुनाव भी करने की जरूरत है, जो आपको ऊपर उल्लिखित सभी इंडिकेटर और उससे भी कहीं ज्यादा एक जगह उपलब्ध कराने में सक्षम हो।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।