Belrise Share Price: ऑटोमोटिव कंपोनेंट्स बनाने वाली बेलराइज इंडस्ट्रीज के शेयरों की आज घरेलू मार्केट में करीब 11 फीसदी प्रीमियम पर एंट्री हुई। इसके 2150 करोड़ रुपये के के आईपीओ को निवेशकों का तगड़ा रिस्पांस मिला था। अब आगे की बात करें तो एक्सपर्ट्स अब भी बुलिश रुझान अपनाए हुए हैं। आज बीएसई पर यह 97.37 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। आईपीओ निवेशकों को यह शेयर 90 रुपये के भाव पर जारी हुआ था। आज लिस्टिंग के बाद इंट्रा-डे में बीएसई पर यह 103.20 रुपये के हाई और 91.36 रुपये के निचले स्तर तक आया था।
क्या है एक्सपर्ट्स की राय?
लेमन मार्केट्स डेस्क का कहना है कि बेलराइज इंडस्ट्रीज के OEM (ओरिजिन इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर्स) के साथ मजबूत संबंध हैं और आने वाले समय के सेगमेंट्स पर इसके फोकस के चलते बेलराइज मीडियम से लॉन्ग टर्म में निवेश के लिए शानदार विकल्प है। बेलराइज का बजाज ऑटो, हीरो मोटोकॉर्प और जगुआर लैंड रोवर जैसी दिग्गज कंपनियों के साथ कारोबारी संबंध है।
आनंद राठी वेल्थ के प्रमुख (फंडामेंटल रिसर्च-इंवेस्टमेंट सर्विसेज) नरेंद्र सोलंकी ने बेलराइज इंडस्ट्रीज के आईपीओ को लॉन्ग टर्म के लिए सब्सक्राइब रेटिंग दी थी और निवेशकों को लॉन्ग टर्म तक होल्ड करने की सलाह दी थी।
हेंसेक्स सिक्योरिटीज के असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट (आरएंडडी डेवलपमेंट) महेश एम ओझा ने भी निवेशकों को सलाह दी है कि जिन्हें बेलराइज के शेयर अलॉट हुए हैं, उन्हें मीडियम से लॉन्ग टर्म तक इसे होल्ड करना चाहिए। हालांकि नए निवेशकों को उन्होंने सलाह दी है कि अभी कीमतों में स्थिरता का इंतजार करनाी चाहिए। उनका कहना है कि अगर शेयर एक बार फिर 100 रुपये से 105 रुपये के जोन में आता है और फंडामेंटल ऐसा ही बना रहता है तो यह निवेश के लिए बेहतर मौका बनेगा।
Belrise IPO को मिला था तगड़ा रिस्पांस
बेलराइज इंडस्ट्रीज ऑटोमोटिव शीट मेटल और कास्टिंग पार्ट्स, पॉलीमर कंपोनेंट्स, सस्पेंशन और मिरर सिस्टम्स बनाती है। यह मेटल चेसिस सिस्टम्स, कंपोनेंट्स और एग्जास्ट सिस्टम्स भी बनाती है। इसके ₹2,150.00 करोड़ के आईपीओ को ओवरऑल 43.14 गुना बोली मिली थी। इस आईपीओ के तहत सिर्फ नए शेयर जारी हुए हैं। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से 1618.12 करोड़ रुपये कर्ज चुकाने और बाकी पैसे आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।