IREDA Share Price: इस समय पावर और पीएसयू शेयरों को लेकर निवेशकों का रुझान काफी पॉजिटिव है। इस माहौल में इंडियन रिन्यूएबल एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी (IREDA) के शेयर धमाकेदार स्पीड से ऊपर चढ़ रहे हैं। इसके शेयर पिछले महीने 29 नवंबर को ही लिस्ट हुए थे और दो हफ्ते से भी कम समय में 32 रुपये के इस शेयर ने 210 फीसदी से अधिक रिटर्न दे दिया है। ऐसे में कुछ निवेशक मुनाफा बुक करने की सोच रहे हैं लेकिन एनालिस्ट्स का मानना है कि यह लॉन्ग टर्म में भी शानदार रिटर्न दे सकता है तो ऐसे में इसे होल्ड भी कर सकते हैं। आज की बात करें तो इसके शेयर इंट्रा-डे में 20 फीसदी उछलकर 102.02 रुपये के अपर सर्किट पर पहुंच गया था। दिन के आखिरी में BSE पर यह 19.94 फीसदी की मजबूती के साथ 101.97 रुपये के भाव (IREDA Share Price) के भाव पर बंद हुआ है।
IREDA में क्यों है तेजी का रुझान
इरेडा ने अभी हाल ही में पीएम कुसुम (PM KUSUM) स्कीम, रूफटॉप सोलर और कई अन्य बिजनेस-टू-कंज्यूमर (B2C) सेक्टर्स के लोन के लिए एक रिटेल डिविजन लेकर आई। रिटेल डिविजन खुलने के कुछ ही समय के भीतर कुसुम-बी स्कीम के तहत इसने 58 करोड़ रुपये का अपना पहला लोन भी जारी कर दिया। इसने शेयरों को तगड़ा सपोर्ट दिया। इसके एसेट बुक में सबसे अधिक करीब 30 फीसदी हिस्सा सोलर एनर्जी, फिर विंड एनर्जी की 20.9 फीसदी, स्टेट यूटिलिटीज की 19.2 फीसदी और हाइड्रोपावर की 11.5 फीसदी हिस्सेदारी है। मनीकंट्रोल को दिए एक इंटरव्यू में कंपनी के चेयरमैन और एमडी प्रदीप कुमार दास ने उम्मीद जताई कि प्रोजेक्ट कंस्ट्रक्शन स्टेज में सबसे पहली पसंद इरेडा बनी रहेगी। कंपनी के सीएमडी के मुताबिक सिर्फ सरकारी ही नहीं, बल्कि प्राइवेट डेवलपर्स के साथ भी इसके कारोबारी संबंध हैं।
21-23 नवंबर के बीच जब इसका आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था तो एनालिस्ट्स ने सिर्फ लिस्टिंग गेन ही नहीं बल्कि लॉन्ग टर्म के निवेश के लिए भी सब्सक्राइब करने की सलाह दी थी। सरकार रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर पर जोर दे रही है, इसलिए ही एनालिस्ट्स ने इसमें लॉन्ग टर्म में पैसे लगाने की सलाह दी थी। एक्सपर्ट्स को भरोसा है कि अभी यह और नई ऊंचाईयों पर पहुंचेगा। शेयरों की तेजी के चलते इसका वैल्यूएशन पियर्स PFC और REC की तुलना में महंगा हो चुका है लेकिन इसकी लोन बुक ग्रोथ काफी मजबूत है।
ब्रोकरेज फर्म निर्मल बंग के मुताबिक ग्रीन हाइड्रोजन, हाइड्रो स्टोरेज पावर प्लांट्स, बैट्री स्टोरेज वैल्यू चेन और ग्रीन एनर्जी कोरिडोर जैसी उभरती ग्रीन टेक में विस्तार और डाइवर्सिफिकेशन के चलते इसके लोन बुक में लंबे समय तक हाई ग्रोथ दिख सकती है। कंपनी की मौजूदा वित्तीय सेहत की बात करें को वित्त वर्ष 2021-23 के बीच इसका नेट प्रॉफिट सालाना 58 फीसदी की चक्रवृद्धि दर से बढ़ा है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।