वित्तीय दिक्कतों से जूझ रही टेलीकॉम कंपनी वोडा आइडिया के शेयर एक साल के हाई से अभी करीब 59 फीसदी नीचे हैं लेकिन वैश्विक ब्रोकरेज फर्म सिटी रिसर्च का बुलिश रुझान इस पर बना हुआ है। डिपार्टमेंट ऑफ टेलीकॉम ने बैंक गारंटी से राहत दी तो वोडा आइडिया के शेयरों को तगड़ा सपोर्ट मिला है। इसके चलते सिटी ने टेलीकॉम सेक्टर की टावर कंपनी इंडस टावर्स पर भी बुलिश रुझान कायम रखा है। आज वोडा आइडिया के शेयर 2.19 फीसदी के उछाल के साथ 7.94 रुपये (Voda Idea Share Price) पर बंद हुए हैं, जबकि इंडस टावर्स के शेयर 0.46 फीसदी की बढ़त के साथ 341.70 रुपये (Indus Towers Share Price) पर बंद हुए हैं।
कर्ज जुटाने में अब Voda Idea को होगी आसानी
वोडा आइडिया ने शनिवार को कहा कि टेलीकॉम डिपार्टमेंट ने 2012, 2014, 2015,2016 और 2021 में आयोजित नीलामी के जरिए हासिल किए गए स्पेक्ट्रम के लिए बैंक गारंटी जमा करने की शर्त माफ कर दी है। वोडा आइडिया का कहना है कि इससे भारत में 4जी और 5जी निवेश को बढ़ावा मिलेगा। अगर यह राहत न मिलती तो वोडा आइडिया को 24,800 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी देनी होती और वोडा आइडिया इसे देने की स्थिति में भी नहीं थी। सिटी के मुताबिक इसके चलते कंपनी को कर्ज जुटाने में भी दिक्कतें आ रही थीं।
निवेश के लिए क्या है टारगेट प्राइस?
सिटी ने वोडा आइडिया को हाई रिस्क में रखा है लेकिन बुलिश रेटिंग भी दी है और टारगेट प्राइस 13 रुपये पर फिक्स किया है। यह टारगेट प्राइस मौजूदा लेवल से करीब 65 फीसदी अपसाइड है। वहीं ब्रोकरेज के मुताबिक इंडस टावर्स की बात करें तो इसे भी टेलीकॉम डिपार्टमेंट की राहत से मदद मिलेगी और वोडा आइडिया की डेट फंडिंग में कोई प्रोग्रेस दिखती है तो इस पर नजर रखना होगा। सिटी ने इंडस टावर्स के लिए 485 रुपये का टारगेट प्राइस फिक्स किया है जो मौजूदा लेवल से करीब 41 फीसदी अपसाइड है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।