Bajaj HealthCare Shares: बिकवाली के माहौल के बीच निवेशक बजाज हेल्थकेयर के शेयरों पर टूट पड़े। इसके चलते शेयर 5 फीसदी से अधिक उछलकर रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गए। खरीदारी का यह रुझान बजाज हेल्थकेयर के गुजरात के वडोदरा के सावली में स्थित एपीआई (एक्टिव फार्मा इनग्रेडिएंट) मैनुफैक्चरिंग साइट को ऑस्ट्रेलियाई संस्था से मंजूरी मिलने के चलते दिखा। आज BSE पर यह 3.87 फीसदी की बढ़त के साथ 448.75 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 5.54 फीसदी के उछाल के साथ 456.00 रुपये के भाव पर पहुंच गया था।
किस मंजूरी पर उछले Bajaj HealthCare के शेयर?
बजाज हेल्थकेयर ने 6 दिसंबर को एक्सचेंज फाइलिंग में खुलासा किया कि सावली में इसका जो एपीआई मैनुफैक्चरिंग साइट है, उसे ऑस्ट्रेलिया के थेराप्यूटिक गुड्स एडमिनिस्ट्रेशन (TGA) से मंजूरी मिल गई है। अमेरिकी दवा नियामक एफडीए और यूरोपीय यूनियन की नियामक संस्था से इसे पहले ही मंजूरी मिल चुकी थी। ऑस्ट्रेलियाई नियामक से मंजूरी मिलने के बाद अब यह ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में एपीआई की सप्लाई कर सकेगी। कंपनी का कहना है कि इस मंजूरी के बाद बजाज हेल्थकेयर को मौजूदा और नए ग्राहकों से अधिक कॉन्ट्रैक्ट डेवलपमेंट एंड मैनुफैक्चरिंग ऑर्गेनाइजेशंस (CDMO) कॉन्ट्रैक्ट मिलन की उम्मीद है।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल?
बजाज हेल्थकेयर के शेयरों ने निवेशकों की शानदार कमाई कराई है। 4 जून 2024 को यह 265 रुपये पर था जो इसके शेयरों के लिए एक साल का निचला स्तर है। इस निचले स्तर से 6 ही महीने में यह 72 फीसदी से अधिक उछलकर आज 9 दिसंबर 2024 को 455.85 रुपये के भाव पर पहुंच गया जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई है। इस महीने अब तक बजाज ग्रुप की हेल्थकेयर कंपनी के शेयर 14 फीसदी से अधिक ऊपर चढ़े हैं।