Share Market Crash: शेयर बाजार इन 7 कारणों से धड़ाम, सेंसेक्स 686 अंक टूटा, निफ्टी भी 24700 के नीचे
Share Market Down: भारतीय शेयर बाजारों में आज 28 जुलाई को लगातार तीसरे दिन भारी गिरावट देखने को मिली। कंपनियों के खराब तिमाही नतीजे और विदेशी निवेशकों की बिकवाली ने मार्केट के माहौल को कमजोर किया। कारोबार के दौरान सेंसेक्स एक समय 686 अंकों तक लुढ़क गया था। हालांकि कारोबार के अंत में यह 572.07 अंक या 0.70 फीसदी की गिरावट के साथ 80,891.02 पर बंद हुआ
Share Market Down: एशियाई बाजारों की कमजोरी ने भी घरेलू निवेशकों का मनोबल गिराया
Share Market Down: भारतीय शेयर बाजारों में आज 28 जुलाई को लगातार तीसरे दिन भारी गिरावट देखने को मिली। कंपनियों के खराब तिमाही नतीजे और विदेशी निवेशकों की बिकवाली ने मार्केट के माहौल को कमजोर किया। कारोबार के दौरान सेंसेक्स एक समय 686 अंकों तक लुढ़क गया था। हालांकि कारोबार के अंत में यह 572.07 अंक या 0.70 फीसदी की गिरावट के साथ 80,891.02 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 50 में 156.10 अंकों की गिरावट दर्ज की गई और यह 24,680.90 पर बंद हुआ। कोटक महिंद्रा बैंक, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, भारती एयरटेल, टाइटन और अपोलो हॉस्पिटल्स जैसे दिग्गज शेयरों में 7 प्रतिशत तक की तेज गिरावट देखने को मिली।।
शेयर बाजार में आज की इस गिरावट के पीछे 6 बड़े कारण रहे-
1. कोटक महिंद्रा बैंक के शेयरों में गिरावट
कोटक महिंद्रा बैंक के जून तिमाही के नतीजे बाजार की उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे, जिसके चलते आज इसक शेयरों में भारी गिरावट देखने को मिली। कारोबार के दौरान इसका शेयर 7 फीसदी तक टूट गया, जो इसके शेयर में पिछले 15 महीने में आई सबसे बड़ी इंट्राडे गिरावट थी। कोटक महिंद्रा बैंक का जून तिमाही में कंसॉलिडेटेड शुद्ध मुनाफा 4,472 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में इसे 7,448 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ था। हालांकि पिछले साल के मुनाफे में 3,000 करोड़ का एकमुश्त लाभ भी शामिल है। इसके अलावा बैंक के मार्जिन में तिमाही आधार पर गिरावट आई है। साथ बैंक ने कमर्शियल व्हीकल पोर्टफोलियो में दबाव की बात भी मानी,जिससे निवेशकों की चिंता बढ़ गई।
कोटक महिंद्रा बैंक का शेयर आज निफ्टी बैंक इंडेक्स पर सबसे अधिक गिरने वाला शेयर था। निफ्टी बैंक के कुल 10 में से 8 शेयर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे और कारोबार के दौरान यह इंडेक्स आधा फीसदी तक लुढ़क गया था।
2. विदेशी निवेशकों की बिकवाली
विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) की ओर से लगातार बिकवाली ने भी शेयर बाजार में दबाव में बनाए रखा है। विदेशी निवेशकों ने पिछले हफ्ते भारतीय शेयर बाजार में 13,552 करोड़ रुपये की शुद्ध बिकवाली की, जिससे बाजार का सेंटीमेंट कमजोर हुआ। जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के चीफ इनवेस्टमेंट स्ट्रैटजिस्ट, वीके विजयुकमार के मुताबित, यह बिकवाली फिलहाल रुकती नहीं दिख रही, जिससे बाजार पर भारी दबाव बना हुआ है।
3. कमजोर ग्लोबल संकेत
एशियाई बाजारों की कमजोरी ने भी घरेलू निवेशकों का मनोबल गिराया। जापान का निक्केई 225, चीन का शंघाई कंपोजिट और दक्षिण कोरिया का कोस्पी भी लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसके चलते भारतीय शेयर बाजारों पर भी दबाव बना
4. क्रूड ऑयल के दाम में उछाल
अंतरराष्ट्रीय बाजार में, ब्रेंट क्रूड का भाव सोमवार को 0.29% बढ़कर 68.64 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। क्रूड का दाम बढ़ने से महंगाई के बढ़ने का जोखिम बढ़ सकता है, जिसका दबाव कंपनियों के मार्जिन पर भी पड़ सकता है।
5. आईटी शेयरों में बिकवाली
आईटी शेयरों में भी खासा दबाव देखा गया। विप्रो, टीसीएस, एचसीएल टेक और टेक महिंद्रा जैसे दिग्गज शेयरों में बिकवाली देखी गई। भारत की सबसे बड़ी आईटी कंपनी टीसीएस ने अपने कर्मचारियों की संख्या में 2% की कटौती करने का ऐलान किया है। इसके चलते करीब 12,000 कर्मचारियों की नौकरी जा सकती है। टीसीएस के इस ऐलान से निवेशकों की चिंताएं और बढ़ गई है। निफ्टी आईटी इंडेक्स भी आज लाल निशान में कारोबार कर रहा था।
6. वोलैटिलिटी इंडेक्स में उछाल
शेयर बाजार में मौजूदा अस्थिरता का संकेत देने वाला इंडेक्स, इंडिया वोलैटिलिटी इंडेक्स (India VIX) में आज 7 फीसदी का उछाल आया यह 12.07 के स्तर पर पहुंच गया। ये उछाल जो ट्रेडर्स के बीच बढ़ती घबराहट को दिखाता है। आमतौर पर इंडिया VIX का बढ़ना शेयर बाजार में और बिकवाली होने की आशंका का संकेत देता है।
टेक्निकल एक्सपर्ट्स का क्या है कहना?
Geojit फाइनेंशियल सर्विसेज के चीफ मार्केट स्ट्रैटजिस्ट, आनंद जेम्स का कहना है कि निफ्टी के लिए अगला मजबूत सपोर्ट 24,450 और 24,000 के स्तर पर है। अगर निफ्टी 24,922 के ऊपर क्लोजिंग देता है, तो बाजार में शॉर्ट कवरिंग देखने को मिल सकती है, जो इसे 25,324 के स्तर तक ले जा सकती है। हालांकि ऊपर इसे पहले 25,000 के पास मजबूत रेजिस्टेंस का सामना करना पड़ सकता है।
डिस्क्लेमरःMoneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।