Shares of Purvankara: पूर्वांकरा के शेयरों में 13 सितंबर को 5 पर्सेंट का अपर सर्किट लग गया। कारोबार के दौरान कंपनी का शेयर शानदार तेजी के साथ 456 रुपये पर पहुंच गया। कंपनी ने साउथ मुंबई के ब्रीच कैंडी इलाके में मियामी अपार्टमेंट्स के री-डिवेलपमेंट राइट्स हासिल किए हैं, जिसका असर कंपनी के शेयरों पर देखने को मिला है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में 2 बजकर 52 मिनट पर कंपनी का शेयर 4.32 पर्सेंट की बढ़त के साथ 454 रुपये कारोबार कर रहा था।
इस राइट्स के साथ ही पूर्वांकर की पॉश साउथ मुंबई मार्केट में एंट्री हुई है, जहां रियल एस्टेट की कीमतें 1,25,000 रुपये से 1,40,000 रुपये प्रति वर्गफुट है। पूर्वांकर के मैनेजिंग डायरेक्टर आशीष पूर्वांकर ने बताया, 'यह प्रोजेक्ट शानदार लग्जरी मुहैया कराने की हमारी प्रतिबद्धता को दिखाता है। साथ ही, यह बेहतरीन और पॉश इलाकों में शानदार लिविंग स्पेस तैयार करने के हमारे लक्ष्य की तरफ भी इशारा करता है। हम साउथ मुंबई में अपनी विशेषज्ञता का इस्तेमाल करने और लग्जरी लिविंग को नए अंदाज में पेश करने को लेकर काफी उत्साहित हैं।'
कंपनी नवंबर 2023 में 3 एकड़ में फैली 2 सोसायटी के रीडिवेलपुमेंट राइट्स को खरीदा था और इसके बाद कंपनी ने लोखंडवाला, अंधेरी वेस्ट में अपनी मौजूदगी को मजबूत किया है। कंपनी को चार और सोसासटी के लिए पसंदीदा डिवेलपर के तौर पर चुना गया है। बेंगलुरु का पूर्वांकरा ग्रुप देश के प्रमुख रियल एस्टेट डिवेलपर्स में शामिल है और इसके 49 साल की विरासत है। कंपनी हाउसिंग और प्लॉट, दोनों सेगमेंट में काम करती है।
जून 2024 तिमाही में पूर्वांकरा का कंसॉलिडेटेट नेट प्रॉफिट 15.44 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल की इसी अवधि में कंपनी का नेट लॉस 17.16 करोड़ रुपये था। संबंधित अवधि में कंपनी की टोटल इनकम दोगुने से भी ज्यादा बढ़कर 675.55 करोड़ रुपये रही, जबकि पिछले जून 2023 तिमाही में यह आंकड़ा 335 करोड़ रुपये था।
फिलहाल सिर्फ एक ब्रोकरेज पूर्वांकर को कवर करता है और उसने कंपनी के शेयरों को 'बाय' रेटिंग दी है। इस साल अब तक कंपनी के शेयरों में दोगुने से भी ज्यादा यानी करीब 140 पर्सेंट की बढ़ोतरी देखने को मिल चुकी है।