Wipro Buyback: बेंगलुरु स्थित आईटी सर्विस कंपनी Wipro ने संकेत दिया है कि वह एक बार फिर अपने निवेशकों को बड़ा रिटर्न देने की तैयारी में है। कंपनी 16 अप्रैल को होने वाली बोर्ड मीटिंग में शेयर बायबैक पर विचार करेगी, जहां मार्च तिमाही (Q4) के नतीजों पर भी चर्चा होगी।
यह करीब तीन साल में पहला मौका है जब Wipro बायबैक पर विचार कर रही है। इससे पहले जून 2023 में कंपनी ने 12,000 करोड़ रुपये का बड़ा शेयर बायबैक किया था।
2023 में विप्रो ने 22 जून से 30 जून के बीच 26.96 करोड़ शेयर, यानी कुल इक्विटी का 4.91% हिस्सा, 445 रुपये प्रति शेयर के भाव पर वापस खरीदा था। यह कीमत दिसंबर 2024 में हुए 1:1 बोनस इश्यू के हिसाब से एडजस्ट नहीं है।
कंपनी के मैनेजमेंट ने पहले ही साफ कर दिया था कि शेयर बायबैक शेयरधारकों को कैश लौटाने का अहम तरीका बना रहेगा। यानी आने वाले समय में भी ऐसे कदम देखने को मिल सकते हैं।
ब्रोकरेज फर्म Investec के मुताबिक, Wipro के पास इस समय करीब 41,000 करोड़ रुपये का नेट कैश है, जो कंपनी की कुल मार्केट वैल्यू का करीब 20% है। पिछली बार बायबैक के समय यह आंकड़ा करीब 28,000 करोड़ रुपये था।
Investec का मानना है कि अगर कंपनी पिछली तरह ही करीब 20.4% फंड का इस्तेमाल करती है, तो इस बार करीब 16,000 करोड़ रुपये तक का बायबैक हो सकता है।
ब्रोकरेज के मुताबिक, कंपनी का स्टॉक FY27 और FY28 के लिए 7.5% से 8% तक का फ्री कैश फ्लो यील्ड दे सकता है, जो निवेशकों के लिए आकर्षक माना जाता है।
Wipro का यह कदम निवेशकों के लिए अहम हो सकता है। मजबूत कैश पोजिशन और बायबैक की संभावना यह संकेत देती है कि कंपनी शेयरधारकों को बेहतर रिटर्न देने पर फोकस बनाए हुए है।
Wipro का शेयर गुरुवार को निचले स्तर से उबरकर लगभग सपाट 203.18 रुपये पर बंद हुआ। पिछले 6 महीने में स्टॉक 17.54% गिरा है। वहीं, इस साल यानी 2026 में यह 24% टूट चुका है। कंपनी का मार्केट कैप 2.12 लाख करोड़ रुपये है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।