पुनीत गोयनका का सैलरी पैकेज घट सकता है। पिछले हफ्ते शेयरहोल्डर्स ने जी एंटरटेनमेंट के बोर्ड में गोयनका के अप्वाइंटमेंट के खिलाफ वोट दिए। इसका मतलब है कि जी एंटरटेनमेंट की कंपनसेशन कमेटी को गोयनका के सैलरी पैकेज पर नए सिरे से विचार करना पड़ सकता है। मैनेजिंग डायरेक्टर के पद पर अपनी नियुक्ति पर गोयनका ने शेयरधारकों का एप्रूवल मांगा था। इसमें 16.6 करोड़ और इंसेंटिव का उनका सैलरी पैकेज भी शामिल था।
एक्सपर्ट्स का कहना है कि अब Zee Entertainment की नॉमिनेशन और रेम्यूनरेशन कमेटी (NRC) को यह तय करना होगा कि नॉन-डायरेक्टर सीईओ की नई जिम्मेदारी के लिए गोयनका का सैलरी पैकेज क्या होना चाहिए। दरअसल, गोयनका कंपनी का सीईओ और MD बनना चाहते थे। लेकिन, एनुअल जनरल मीटिंग (AGM) से पहले उन्होंने MD के पद के लिए अपना नॉमिनेशन वापस ले लिया। उन्होंने कहा कि वह सीईओ बने रहेंगे।
डायरेक्टर बनने के प्रस्ताव को नहीं मिली मंजूरी
एक्सपर्ट्स का कहना है कि नए घटनाक्रम के बाद बोर्ड ने गोयनका को जिस सैलेरी पैकेज का वादा किया था, उसका मतलब नहीं रह गया है। AGM में डायरेक्टर बनने के गोयनका के दावे के खिलाफ 50.5 फीसदी शेयरधारकों ने मतदान किया। मतदान के नतीजों का ऐलान 28 नवंबर को किया गया। एक्सपर्ट्स का कहना है कि एमडी पोजीशन के लिए अपनी दावेदारी वापस ले लेने के बाद गोयनका के सैलरी पैकेज पर नए सिरे से विचार होगा।
यह भी पढ़ें: इन 10 Stocks पर दांव लगाने से अगले 3-4 हफ्तों में हो सकती है शानदार कमाई, क्या आप इनवेस्ट करेंगे?
सैलरी पैकेज सीईओ पद के हिसाब से होगा
Ingovern के फाउंडर श्रीराम सुब्रमण्यन ने कहा, "अभी गोयनका का सैलरी पैकेज तय नहीं है। नॉमिनेशन और रेन्यूनरेशन कमेटी (NRC) को कंपनसेशन के प्रस्ताव पर फिर से विचार करना होगा। अब गोयनक कंपनी के डायरेक्टर नहीं हैं और अब वह कंपनी के सिर्फ सीईओ हैं। इसलिए उनका कंपसेशन इसके मुताबिक तय होना चाहिए। गोयनका का सैलरी पैकेज पहले भी चिंता का विषय रह चुका है।" इस बारे में Zee को भेजे ईमेल का जवाब नहीं मिला। Zee Entertainment की एनुअल रिपोर्ट के मुताबिक, गोयनका के लिए 85 लाख रुपये प्रति माह बेसिक पे, 30 लाख रुपये हाउस रेंट और 22.9 लाख रुपये पर्सनल अलाउन्स का प्रस्ताव था। एक साल में यह सैलरी पैकेज 16.6 करोड़ बैठता है।