Zee Learn Shares: जी लर्न के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (COO) हिमांशु याग्निक ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इस खबर के बाद कंपनी के शेयर आज 9 सितंबर को शुरुआती कारोबार में करीब 2 फीसदी तक लुढ़क गए। जी लर्न ने शेयर बाजारों को भेजी सूचना में बताया कि हिमांशु ने कंपनी के बाहर नए मौकों की तलाश में खुद से इस्तीफा दिया है। सुबह 9.50 बजे के करीब, जी लर्न के शेयर करीब 2 फीसदी की गिरावट के साथ 8.18 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। पिछले एक महीने में कंपनी के शेयरों में करीब 22 फीसदी से अधिक की गिरावट आई है।
हिमांशु याग्निक ने सीईओ को लिखे लेटर में कहा, "लंबे समय तक साथ रहने के बाद मैंने ऑर्गनाइजेशन से बाहर जाकर अपने हितों को आगे बढ़ाने का फैसला लिया है। मैं आपसे ईमानदारी से अनुरोध करता हूं कि कृपया इस लेटर को जी लर्न लिमिटेड के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर के रूप में मेरे पद से इस्तीफे की औपचारिक सूचना के रूप में स्वीकार करें।"
उन्होंने कहा, "मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि कृपया मेरा इस्तीफा स्वीकार करें और मुझे मेरे कर्तव्यों और जिम्मेदारियों से मुक्त करें। मेरा काम करने का आखिरी दिन 06 सितंबर, 2024 होगा।"
जी लर्न का वित्त वर्ष 2024 के दौरान रेवेन्यू 252.63 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की तुलना में 33 प्रतिशत अधिक था। वहीं कंपनी का ऑपरेटिंग प्रॉफिट इस दौरान 55 प्रतिशत बढ़कर 86.86 करोड़ रुपये हो गया।
CEO ने अपनी सालाना रिपोर्ट में कहा, "यह उपलब्धि हमारी पेशकश को बढ़ाने और बाजार में अपनी उपस्थिति का विस्तार करने की हमारी प्रतिबद्धता का सबूत है।" उन्होंने कहा, "खासतौर से हमारा EBITDA मार्जिन बेहतर होकर 29 फीसदी से 34 फीसदी पर पहुंच गया है, जो हमारी कारोबारी दक्षता, मुनाफे को बढ़ाने की क्षमता और हमारी राइवल पर कंपनियों के मुकाबले बढ़त को दिखाता है।"