वेब सीरीज स्कैम 1992- द हर्षद मेहता स्टोरी का सफलता के बाद निर्माता-निर्देशक हंसल मेहता (Hansal Mehta) जल्द ही देश के एक बड़े घाटाले की कहानी पेश करने जा हैं। हंसल मेहता महाराष्ट्र के चर्चित स्टांप घोटाले पर आधारित वेबसीरीज स्कैम 2003- द क्यूरियस केस ऑफ अब्दुल करीम तेलगी (Scam 2003- The Curious Case of Abdul Karim Telgi) लाने जा रहे हैं। यह सीरीज पत्रकार संजय सिंह की किताब रिपोर्टर की डायरी (Reporter ki Diary) पर आधारित होगी। आपको बता दें कि संजय सिंह ने ही अब्दुल करीम तेलगी के स्टांप घोटाले को उजागर किया था।
Scam 2003 में हंसल मेहता अब्दुल करीम तेलगी (Abdul Karim Telgi) की कहानी दिखाएंगे कि कैसे तेलगी ने 20 हजार करोड़ रुपये के स्टांप पेपर घोटाले को अंजाम दिया। कर्नाटक के खानपुर का रहने वाला तेलगी कैसे इस घोटाले का मास्टरमाइंड बना और इतने बड़े फ्रॉड को अंजाम दिया। इस वेबसीरीज की स्क्रीनप्ले किताब के लेखक संजय सिंह के साथ मराठी के जाने-माने निर्देशक किरन यदनोपावित (Kiran Yadnyopavit) लिख रहे हैं।
यह सीरीज अगले साल SonyLIV पर रिलीज होगी। इसका ऐलान आज हंसल मेहता और इस सीरीज की निर्माण करने वाली कंपनी एप्लॉज एंटरटेनमेंट (Applause Entertainment) ने ट्विटर पर किया। हंसल मेहता के बताया कि इस सीरीज की शूटिंग इसी साल के आखिर में शुरू होने वाली है। एक और घोटाले की कहानी दर्शकों के सामने लाने के लिए मैं अभी से बहुत उत्साहित हूं।
क्या था स्टांप पेपर घोटाला
आपको बता दें कि अब्दुल करीम तेलगी ने देश में फर्जी स्टाम्प पेपर आपूर्ति करने का पूरा नेटवर्क तैयार कर लिया था और करेंसी छापने वाली एक पुरानी प्रिटिंग मशीन को कबाड़ में खरीदकर अपना एक कारखाना भी महाराष्ट्र में लगा लिया था। अब्दुल करीम का नेटवर्क 16 राज्यों में फैला हुआ था। मामला उजागर होने के बाद वर्ष 2001 में उसे अजमेर से गिरफ्तार किया गया था। अब्दुल ने 20 हजार करोड़ का घोटाला किया था। कोर्ट ने उसे 30 साल जेल की सजा सुनाई थी और 202 करोड़ रुपए का जुर्माना भी लगाया था। 26 अक्टूबर 2017 को तेलगी की मौत हो गई थी।