Gainers & Losers: निफ्टी 50 की वीकली एक्सपायरी के दिन आज सेंसेक्स (Sensex) 542.47 प्वाइंट्स यानी 0.66% की गिरावट के साथ 82,184.17 और निफ्टी 50 (Nifty 50) 157.80 प्वाइंट्स यानी 0.63% की फिसलन के साथ 25,062.10 पर बंद हुआ है। अब इंडिविजुअल स्टॉक्स की बात करें तो कुछ शेयरों में अपनी खास कॉरपोरेट एक्टिविटीज के चलते आज तेज उठा-पटक रही। उनमें से कुछ के बारे में यहां बताया जा रहा है तेज हलचल की वजह के साथ। (सभी भाव बीएसई से लिए गए हैं।)
PTC India । मौजूदा भाव: ₹198.25 (+4.26%)
कपलिंग से जुड़े नियमों के लागू होने पर पीटीसी इंडिया के निवेश वाली अनलिस्टेड एक्सचेंज एचपीएक्स को तगड़ा फायदा मिलने की उम्मीद पर पीटीसी इंडिया के शेयर आज इंट्रा-डे में 8.81% उछलकर ₹206.90 पर पहुंच गए। एचपीएक्स में पीटीसी इंडिया की 22% हिस्सेदारी है।
Piccadily Agro । मौजूदा भाव: ₹617.00 (+1.61%)
पिक्काडिली एग्रो इंडस्ट्रीज ने एक हल्के पीट वाली सिंगल माल्ट इंडियन व्हिस्की इंद्री आग्नेय (Indri Agneya) को लॉन्च करने का ऐलान किया तो इसके शेयर इंट्रा-डे में 3.91% उछलकर ₹631.00 पर पहुंच गए। इसे शेरी और बर्बन कास्क में तैयार किया गया है। यह व्हिस्की हरियाणा में ₹3800 में उपलब्ध है।
Coromandel International । मौजूदा भाव: ₹2449.90 (+5.12%)
जून तिमाही में सालाना आधार पर कोरोमंडल इंटरनेशनल का शुद्ध मुनाफा 56.14% उछलकर ₹175.69 करोड़ और रेवेन्यू 48.92% उछलकर ₹7042.30 करोड़ पर पहुंचा तो शेयर भी इंट्रा-डे में 5.55% उछलकर ₹2459.95 पर पहुंच गए। इसके अलावा कंपनी ने कोरोमंडल केमिकल्स के जरिए पश्चिमी अफ्रीका के सेमेहल में स्थित बीएमसीसी में अतिरिक्त 17.69% हिस्सेदारी खरीदारी का खुलासा किया जिससे शेयरों को सपोर्ट मिला। बीएमसीसी में अब इसकी हिस्सेदारी 71.51% है।
V-Mart Retail । मौजूदा भाव: ₹815.00 (+6.70%)
जून तिमाही में सालाना आधार पर वी-मार्ट रिटेल का नेट प्रॉफिट 176.77% उछलकर ₹33.6 करोड़ पर पहुंचा तो जश्न शेयरों ने भी मनाया और इंट्रा-डे में 11.85% उछलकर यह ₹854.35 पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू 12.61% उछलकर ₹885.22 करोड़ पर पहुंच गया।
Vikram Kamats Hospitality । मौजूदा भाव: ₹62.50 (+3.68%)
मुंबई में ठाण के मीरा रोड पर कामत्स लीगसी (Kamats Legacy) ब्रांड के तहत विक्रम कामत्स हॉस्पिटैलिटी ने नया रेस्टोरेंट खोला तो इसके शेयर आज इंट्रा-डे में 4.98% उछलकर ₹63.28 पर पहुंच गए। इस साउथ इंडियन रेस्टोरेंट में 75 सीट हैं।
Indian Energy Exchange (IEX) । मौजूदा भाव: ₹132.45 (-29.49%)
कपलिंग के नियम को मंजूरी पर आईएक्स के शेयर आज इंट्रा-डे में 29.99% टूटकर ₹131.50 पर आ गए। मार्केट कपलिंग लागू होने से वॉल्यूम आईईएक्स की प्रतिद्वंद्वी एक्सचेंजों पर भी शिफ्ट हो सकते हैं। अभी की बात करें तो स्पॉट मार्केट में IEX की हिस्सेदारी करीब 85% है।
Trent । मौजूदा भाव: ₹5173.35 (-3.55%)
वैश्विक ब्रोकरेज फर्म गोल्डमैन सैक्स ने रेटिंग को खरीदारी से घटाकर न्यूट्रल और टारगेट प्राइस ₹6,970 से घटाकर ₹5,500 किया तो ट्रेंट के शेयर आज इंट्रा-डे में 3.60% टूटकर ₹5170.55 पर आ गए।
Ujjivan Small Finance Bank । मौजूदा भाव: ₹45.52 (-3.21%)
एसेट क्वालिटी बिगड़ने के चलते उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक के शेयर आज इंट्रा-डे में 4.25% टूटकर ₹45.03 पर आ गए। तिमाही आधार पर अप्रैल-जून 2025 में बैंक का ग्रास एनपीए 2.18% से बढ़कर 2.52% और नेट एनपीए 0.49% से बढ़कर 0.70% पर पहुंच गया।
Natco Pharma । मौजूदा भाव: ₹1000.00 (-3.36%)
नाटको फार्मा की तेलंगाना के मेकागुडा में स्थित मैन्युफैक्चरिंग यूनिट को अमेरिकी दवा नियामक एफडीए ने एक ऑब्जर्वेशन के साथ एस्टैब्लिशमेंट इंस्पेक्शन रिपोर्ट जारी किया तो शेयर आज इंट्रा-डे में 3.91% टूटकर ₹994.25 पर आ गए। इस ऑब्जर्वेशन को VIA (वालंटरी एक्शन इंडिकिटेड) कैटेगरी में रखा गया है यानी कि कंपनी को सुधार करना है लेकिन तत्काल रेगुलेटरी एक्शन की जरूरत नहीं है।
Story continues below Advertisement
Nestle India । मौजूदा भाव: ₹2320.15 (-5.41%)
जून तिमाही में सालाना आधार पर नेस्ले इंडिया का कंसालिडेटेड नेट प्रॉफिट 13.4% गिरकर ₹647 करोड़ पर आया तो शेयर भी इंट्रा-डे में 5.79% टूटकर ₹2310.70 पर आ गए। हालांकि इस दौरान रेवेन्यू 6% बढ़कर ₹5,096 करोड़ पर पहुंच गया।