टोरंट पावर अपने शेयरहोल्डर्स को वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 15 रुपये प्रति शेयर का अंतरिम डिविडेंड देने वाली है। इसके लिए रिकॉर्ड डेट 16 फरवरी 2026 है।
इस तारीख तक जिन शेयरधारकों के नाम शेयरों के लाभार्थी मालिकों के तौर पर रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी या डिपॉजिटरीज के रिकॉर्ड्स में होंगे, वे डिविडेंड पाने के हकदार होंगे।
डिविडेंड का पेमेंट 12 मार्च 2026 को या उससे पहले कर दिया जाएगा। इसकी घोषणा दिसंबर 2025 तिमाही के लिए वित्तीय नतीजे जारी करने के साथ की गई।
Torrent Power के शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2025 के दौरान 14 रुपये का अंतरिम और 5 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड दिया था।
कंपनी का अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही में शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 35 प्रतिशत बढ़कर 643.08 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले मुनाफा 475.66 करोड़ रुपये था।
ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 4 प्रतिशत बढ़कर 6777.87 करोड़ रुपये रहा, जो दिसंबर 2024 तिमाही में 6499.38 करोड़ रुपये था।
मुनाफा बढ़ने के बावजूद 11 फरवरी को शेयर में गिरावट है। BSE पर दिन में शेयर 6.6 प्रतिशत तक गिरकर 1385.50 रुपये के लो तक गया। बाद में करीब 4 प्रतिशत गिरावट के साथ 1427.45 रुपये पर सेटल हुआ।
तिमाही आधार पर कंपनी की परफॉरमेंस में गिरावट के चलते निवेशक खफा नजर आ रहे हैं और बिकवाली का दबाव है। सितंबर 2025 तिमाही के मुकाबले मुनाफा 12 प्रतिशत और रेवेन्यू 14 प्रतिशत कम रहा है।
Torrent Power प्राइवेट प्लेसमेंट बेसिस पर नॉन कनवर्टिबल डिबेंचर जारी करके एक या एक से अधिक राउंड में 7000 करोड़ रुपये तक का फंड भी जुटाने वाली है।
टोरंट पावर का मार्केट कैप 71900 करोड़ रुपये से ज्यादा है। कंपनी में दिसंबर 2025 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 51.09 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।
Story continues below Advertisement