Congress Crisis: 'पार्टी में नहीं कोई स्थाई अध्यक्ष, पता नहीं कौन ले रहा फैसले', कपिल सिब्बल ने उठाए सवाल

G-23 में शामिल नेता ने कहा कि पार्टी को नेताओं की बात सुननी होगी और आत्मनिरीक्षण करना होगा

अपडेटेड Sep 30, 2021 पर 8:28 AM
Story continues below Advertisement

पंजाब कांग्रेस में चल रहे संकट (Punjab Congress Crisis) के बीच, एक बार फिर पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व पर सवाल उठने लगे हैं। वरिष्ठ कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल (Kapil Sibal) ने बुधवार को पार्टी के कामकाज पर नाराजगी जताई और कहा कि ये विडंबना है कि जो लोग आलाकमान के करीबी माने जाते थे, उन्होंने ही उन्हें छोड़ दिया और दूसरे अभी भी खड़े हैं। G-23 में शामिल नेता ने कहा कि पार्टी को नेताओं की बात सुननी होगी और आत्मनिरीक्षण करना होगा। ऐसे समय में जब पार्टी पंजाब में संकट का सामना कर रही है, उन्होंने कहा, "केंद्र में बैठे 20 लोगों द्वारा लोकतंत्र का काम नहीं किया जा सकता है।"

कपिल सिब्बल ने कहा कि पार्टी का वर्तमान में कोई अध्यक्ष नहीं है और इसलिए वह नहीं जानता कि ये निर्णय कौन ले रहा है। उन्होंने कहा,"मेरा मानना ​​है कि मेरे एक वरिष्ठ सहयोगी ने शायद लिखा है या कांग्रेस अध्यक्ष को तुरंत CWC बुलाने के लिए लिखने वाले हैं, ताकि इस पर चर्चा हो सके कि हम इस स्थिति में क्यों हैं?" उधर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने कथित तौर पर सोनिया गांधी को एक पत्र लिखकर CWC की तत्काल बैठक बुलाने को कहा है।

सिब्बल ने कहा कि G-23 उन मुद्दों को उठाएगा, जिन पर ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा, "ये बहुत साफ है। हम G-23 हैं, जी हुजूर 23 नहीं। हम बात करते रहेंगे। हम अपनी मांगों को दोहराते रहेंगे।"

सिब्बल की टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब पंजाब कांग्रेस आंतरिक रूप से कई गुटों में बंट गई है और हर दिन एक नया ड्रामा सामने आ रहा है। कैप्टन अमरिंदर सिंह के सीएम पद से इस्तीफा देने के बाद, जो सौहार्दपूर्ण तरीके से नहीं हुआ, चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री के रूप में चुना गया।

इसके बाद चन्नी के नए मंत्रिमंडल ने शपथ ली और इसके बाद चुनाव से केवल कुछ महीने पहले ही पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। सिद्धू ने चरणजीत सिंह चन्नी द्वारा विभागों के बंटवारे पर असंतोष जताया।

"जब वक्त संघर्ष का आया, तो..."


दूसरी तरफ सिब्बल के इन बयानों से पार्टी के दूसरे नेताओं में भी नाराजगी साफ दिखने लगी। इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने सिब्बल पर तंज कसते हुए एक ट्वीट किया।

श्रीनिवास ने लिखा, "सुनिए जी-हुजूर:- पार्टी की "अध्यक्ष" और "नेतृत्व" वही है, जिन्होंने आपको हमेशा संसद पहुंचाया, पार्टी के अच्छे वक्त में आपको "मंत्री" बनाया, विपक्ष में रहे, तो आपको राज्यसभा पहुंचाया, अच्छे-बुरे वक्त में सदैव जिम्मेदारियों से नवाजा.. और जब "वक्त" संघर्ष का आया, तो..."

"पाकिस्तान-ISI के होगा पंजाब कांग्रेस संकट का फायदा"

सिब्ब्ल ने कहा, "मैं पंजाब के बारे में बात नहीं करना चाहता, लेकिन एक सीमावर्ती राज्य जहां कांग्रेस पार्टी के साथ ऐसा हो रहा है, इसका क्या मतलब है? ये ISI और पाकिस्तान के लिए एक फायदा है। हम पंजाब के इतिहास और वहां उग्रवाद के उदय को जानते हैं... हम जानते हैं कि सीमा पार की ताकतें किस तरह अनिश्चितता का माहौल बनाने के लिए स्थिति का फायदा उठाती हैं।"

उन्होंने आगे कहा, "यही ताकतें देश के लिए सबसे बड़ा खतरा हैं। कांग्रेस को ये सुनिश्चित करना चाहिए कि वे एकजुट रहें। अगर किसी को कोई समस्या है, तो उस पर चर्चा होनी चाहिए।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।